December 20, 2025

शेयर बाजार में मचा हाहाकार, सेंसेक्स 2226.80 अंक गिरकर 73,137.90 पर बंद और निफ्टी 742.85 अंकों की नरमी के साथ 22,161.60 हुआ बंद।

07 अप्रैल 2025

शेयर बाजार आज बड़ी गिरावट के साथ बंद हुआ है। शुरू से लेकर अंत तक एक भी ऐसा मौका नहीं आया, जब बाजार ट्रैक पर लौटता दिखाई दिया। पहले कारोबारी दिन, शुरुआती घंटों में ही सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में गिरावट देखी गई। सेंसेक्स 3,939.68 अंक गिरकर 71,425.01 अंक पर खुला, जबकि निफ्टी में 1,160.8 अंक की गिरावट आई और यह 21,743.65 अंक पर आ गया।

कारोबार की समाप्ति पर बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 2226.80 अंक गिरकर 73,137.90 और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 742.85 अंकों की नरमी के साथ 22,161.60 पर बंद हुआ। मार्केट की शुरुआती गिरावट में ही निवेशकों के 19 लाख करोड़ रुपये डूब गए थे।

भारतीय शेयर बाजार में ही नहीं यूरोप में भी हाहाकार मचा हुआ है।आज एशियाई बाजारों के साथ-साथ यूरोप के बाजार में भी भारी गिरावट देखने को मिली है। स्टॉक्स यूरोप 600 खुलते ही छह प्रतिशत लुढ़क गया। इसी तरह, जर्मनी का डॉक्स इंडेक्स भी 5.80% की गिरावट के साथ खुला है। दरअसल, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने यूरोप पर भी टैरिफ लगाया है। इस वजह से वहां भी घबराहट है। उधर, ट्रंप टैरिफ का चीन ने 34% टैरिफ से जवाब दिया है और अब कई दूसरे देशों ने भी टेरिफ के बदले टेरिफ लगाना शुरू कर दिया हैं। इस वजह से बाजार में आगे भी नरमी की आशंका बनी हुई है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से रेसिप्रोकल टैरिफ के ऐलान के बाद से क्रूड ऑयल की कीमतों पर भी दबाव देखा जा रहा है। आज सोमवार को ब्रेंट क्रूड 2.12 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 64.24 डॉलर प्रति बैरल डब्ल्यूटीआई क्रूड 2.24 प्रतिशत की गिरावट के साथ 60.61 डॉलर पर था।

रेसिप्रोकल टैरिफ लगने के बाद क्रूड ऑयल की कीमतों में करीब 14 प्रतिशत की गिरावट आ चुकी है। क्रूड ऑयल में गिरावट आने से अमेरिका के साथ वैश्विक अर्थव्यवस्था में मंदी आने की संभावना बढ़ सकती है।

टेरिफ की मार की चपेट से सोने की कीमत भी प्रभावित हुई है। सोमवार को 24 कैरेट के सोने की कीमत 2,613 रुपये कम होकर 88,401 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई है, जो शुक्रवार को 91,014 रुपये थी। इसके साथ ही, 22 कैरेट के गोल्ड की कीमत कम होकर 86,280 रुपये प्रति 10 ग्राम 18 कैरेट के गोल्ड की कीमत कम होकर 78,680 रुपये हो गई है। इसके साथ ही, चांदी की कीमतों में भी भारी गिरावट देखी गई है। एक किलो चांदी की कीमत 4,535 रुपये कम होकर 88,375 रुपये प्रति किलो हो गई है। इससे पहले चांदी की कीमत 92,910 रुपये प्रति किलो थी।

सोमवार को शेयर बाजार की गिरावट के साथ ही डॉलर के मुकाबले रुपया भी कमजोर हुआ। डालर के मुकाबले भारतीय रुपया 61 पैसे की गिरावट के साथ 85.84 रुपए प्रति डॉलर पर बंद हुआ। जबकि शुक्रवार को यह 85.23 रुपए प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। आज इसकी शुरुआत भी कमजोरी के साथ हुई थी। आज सुबह रुपया 50 पैसे की गिरावट के साथ खुला था। डॉलर के मुकाबले रुपया आज 85.7450 के स्तर पर खुला।

 

 

 

 

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.