October 28, 2026

स्पेन में दो हाई-स्पीड ट्रेनों की भीषण टक्कर, कम से कम 40 लोगों की मौत; कई घायल

स्पेन | 28 अक्टूबर 2026

यूरोपीय देश स्पेन में बुधवार सुबह दो हाई-स्पीड ट्रेनों की टक्कर से बड़ा रेल हादसा हो गया। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, इस दुर्घटना में कम से कम 40 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य यात्री घायल हुए हैं। हादसा मध्य स्पेन के टोलेडो प्रांत में उर्दा (Urda) स्टेशन के पास हुआ। दुर्घटना के बाद मैड्रिड से दक्षिणी स्पेन के अंदालूसिया क्षेत्र को जोड़ने वाली हाई-स्पीड रेल लाइन पर यातायात रोक दिया गया है।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 8:54 बजे दो हाई-स्पीड ट्रेनों के बीच टक्कर हुई। दुर्घटना में स्पेन की सरकारी रेल कंपनी रेन्फे (Renfe) और निजी रेल कंपनी इर्यो (Iryo) की ट्रेनें शामिल थीं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, एक ट्रेन दूसरी ट्रेन के पिछले हिस्से से टकरा गई, जिससे इर्यो ट्रेन के दो डिब्बे पटरी से उतरकर रेलवे लाइन के किनारे ढलान पर जा गिरे।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस, दमकल विभाग, चिकित्सा कर्मियों और नागरिक सुरक्षा दलों को घटनास्थल पर भेजा गया। घायलों को सहायता उपलब्ध कराने के लिए आपातकालीन व्यवस्था की गई है।

कास्तिया-ला मांचा क्षेत्रीय प्रशासन के अनुसार, शुरुआती तौर पर 10 लोगों की मौत की पुष्टि हुई थी और ताजा जानकारी तक 40 होगई है। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। हालांकि, दुर्घटना में घायल हुए यात्रियों की अंतिम संख्या और सभी प्रभावित लोगों की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।

हादसे के बाद रेल परिचालक एडिफ (ADIF) ने मैड्रिड और अंदालूसिया के बीच हाई-स्पीड रेल यातायात निलंबित कर दिया। इसके चलते मैड्रिड, स्यूदाद रियल और दक्षिणी स्पेन के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

रेल कंपनी रेन्फे ने प्रभावित यात्रियों के लिए टिकट में बदलाव और रद्दीकरण की सुविधा उपलब्ध कराने की घोषणा की है।

पहले भी हो चुका है बड़ा रेल हादसा

स्पेन में यह दुर्घटना ऐसे समय हुई है, जब इसी साल जनवरी में दक्षिणी स्पेन के कॉर्डोबा प्रांत के आदामुज के पास दो ट्रेनों की दुर्घटना में भी बड़ी संख्या में लोगों की जान गई थी। जनवरी की घटना में कम से कम 21 मौतों की शुरुआती रिपोर्ट आई थी और कई यात्री घायल हुए थे। लगातार हुई रेल दुर्घटनाओं ने देश की हाई-स्पीड रेल व्यवस्था की सुरक्षा और रखरखाव को लेकर सवाल खड़े किए हैं।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.