February 3, 2026

सुखवंत सिंह आत्महत्या प्रकरण, SIT ने तीन दरोगा और एक एएसआई को पूछताछ के लिए भेजा नोटिस

सुखवंत सिंह आत्महत्या प्रकरण की जांच कर रही एसआईटी ने तीन दरोगा और एक अपर सहायक दरोगा को नोटिस जारी किया है। इन सभी से इस केस के संबंध में पूछताछ की जाएगी। इसके अलावा एसआईटी ने धोखाधड़ी के मामले की जांच के लिए कुछ बैंकों को भी नोटिस जारी किया है। ताकि बैंक में हुए लेनदेन आदि की सच्चाई सामने लाई जा सके। इस प्रकरण में एसआईटी बीते चार दिनों से जांच कर रही है।

पुलिस प्रवक्ता आईजी सुनील कुमार मीणा ने बताया कि अब तक इस मामले में एसआईटी ने कई स्तरों पर जांच की है। आत्महत्या का मुकदमा आईटीआई थाने से काठगोदाम थाने में ट्रांसफर कर दिया गया है। कई तरह के दस्तावेज भी कब्जे में लिए गए हैं जिनका गहन परीक्षण कराया जा रहा है। इस प्रकरण में अब तक सोशल मीडिया पर जो बातें और तथ्य सामने आए हैं, उनकी अलग से जांच की जा रही है। एसआई कुंदन सिंह रौतेला की एसीआर वायरल होने के मामले में एसटीएफ कुमाऊं यूनिट ने जांच शुरू कर दी है।

प्रकरण में आत्महत्या के अलावा एक धोखाधड़ी का मामला भी है। इसमें करोड़ों के लेनदेन की बात सामने आ रही है। इसकी जांच के लिए सुखवंत सिंह और दूसरे पक्ष के बैंक खातों की जांच भी की जा रही है। इसके लिए बैंकों को नोटिस जारी किए गए हैं। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि प्रकरण की पूरी निष्पक्षता के साथ जांच की जा रही है। एसआईटी जल्द ही नतीजे पर पहुंचेगी।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.