September 24, 2026

मुख्यमंत्री ने श्री केदारनाथ धाम में हेलीपैड से लेकर मंदिर परिसर तक चल रहे सभी निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया।

देहरादून 16 जून 2023,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केदारनाथ आपदा के 10 वर्ष पूरे होने पर आज श्री केदारनाथ धाम के दर्शन कर देश व प्रदेश की खुशहाली की कामना की। उन्होंने आपदा में हताहत हुए लोगों की आत्मा की शांति एवं मुक्ति के लिए हवन भी किया। उन्होंने भगवान ईशानेश्वर के भी दर्शन किए।

मुख्यमंत्री श्री धामी ने श्री केदारनाथ धाम में हेलीपैड से लेकर मंदिर परिसर तक चल रहे सभी निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा भी लिया। उन्होंने दूसरे फेस के सभी पुनर्निर्माण कार्यों को इस साल के अंत तक पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि 10 वर्ष पूर्व केदारनाथ में आई त्रासदी ने सब कुछ बर्बाद कर दिया था। आज बाबा केदार की कृपा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी की इच्छाशक्ति के कारण ही समस्त केदार पुरी दिव्य और भव्य रूप ले चुकी है और आगे भी कार्य जारी रहेगा।

मुख्यमंत्री श्री धामी ने केदारनाथ धाम में पुनर्निर्माण कार्य कर रहे हैं श्रमिकों से मुलाकात कर उनका हालचाल भी जाना। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि हमारे श्रमिक विषम परिस्थितियों में यह कार्य रहे हैं, सभी श्रमिकों का विशेष ख्याल रखा जाए।

इस अवसर पर बद्रीनाथ केदारनाथ समिति के अध्यक्ष अजेंद्र अजय, जिला पंचायत अध्यक्ष अमरदेई शाह, सचिव विनय शंकर पांडे, जिलाध्यक्ष भाजपा महावीर पंवार, पुलिस अधीक्षक विशाखा अशोक भदाणे, अपर मुख्य कार्याधिकारी बद्री केदार मंदिर समिति योगेंद्र सिंह सहित श्रद्धालु गण उपस्थित रहे।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.