अयोध्या धाम में राज्य अतिथि गृह और ऊधमसिंह नगर के रुद्रपुर स्थित मोदी मैदान निर्माण के लिए जारी धनराशि में की गई बढ़ोत्तरी,
Uttrakhand 13 September 2026,
उत्तराखण्ड की विकास यात्रा अब केवल सड़कों, भवनों और बुनियादी ढांचे तक सीमित नहीं है। प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान, धार्मिक विरासत, पर्यटन संभावनाओं और युवा शक्ति को भी समान महत्व दिया जा रहा है। इस संबंध में सचिव, आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार ने राज्य सचिवालय मे आयोजित समीक्षा बैठक में दो महत्वपूर्ण योजनाओं के बारे में जानकारी दी है।
डॉ. आर. राजेश कुमार ने बताया कि, श्री अयोध्या धाम में करीब ₹67.83 करोड़ की अनुमानित लागत से उत्तराखण्ड का भव्य राज्य अतिथि गृह प्रस्तावित है। जबकि ऊधमसिंह नगर के रुद्रपुर स्थित मोदी मैदान में ₹2332.05 लाख की संशोधित लागत से इंडोर एवं आउटडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित करने की तैयारी है। दोनों परियोजनाओं का स्वरूप अलग है, लेकिन उद्देश्य उत्तराखण्ड की पहचान और संभावनाओं को नई ऊंचाई देना है।
डॉ. आर. राजेश कुमार ने समीक्षा बैठक में जानकारी दी कि, परियोजना का पूर्व आगणन ₹2374.56 लाख रुपये था, जिसे संशोधित कर ₹2332.05 लाख किया गया है।परियोजना में खेल सुविधाओं का दायरा भी व्यापक रखा गया है। इंडोर परिसर में पहले प्रस्तावित स्क्वैश और बिलियर्ड्स को हटाकर जिम, टेबल टेनिस और बैडमिंटन को शामिल किया गया है। वहीं आउटडोर परिसर में वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, फुटबॉल, पिकलबॉल और टेनिस की सुविधाएं प्रस्तावित हैं। इसके साथ करीब एक किलोमीटर लंबा साइकिलिंग रूट और ट्रैक पाथ भी बनाया जाएगा। खिलाड़ियों और आगंतुकों की सुविधा के लिए पर्याप्त टॉयलेट एवं चेंजिंग रूम की व्यवस्था का भी प्रावधान किया गया है।
सचिव ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप राज्य की विकास परियोजनाओं को गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध और जनोपयोगी बनाने पर हमारा विशेष फोकस है। बैठक में अपर सचिव/राज्य संपत्ति अधिकारी अभिषेक रुहेला, उप सचिव हनुमान प्रसाद तिवारी तथा कार्यदायी संस्था उत्तराखण्ड पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम, निर्माण इकाई देहरादून के परियोजना प्रबंधक राकेश चंद्र तिवारी मौजूद रहे।
