June 23, 2026

22 को गंगोत्री और 23 को भाई दूज पर बंद होंगे यमुनोत्री धाम के कपाट, दशहरे पर निकलेगा मुहूर्त

चारधाम यात्रा अब अंतिम चरण में है। गंगोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए 22 अक्तूबर को अन्नकूट पर्व पर अभिजीत मूहूर्त में सुबह 11 बजकर 36 मिनट पर विधिविधान के साथ बंद होंगे। इसके बाद मां गंगा के दर्शन उनके शीतकालीन प्रवास मुखबा गांव में होंगे। वहीं यमुनोत्री धाम के कपाट भैयादूज पर 23 अक्तूबर को बंद किए जाएंगे। कपाट बंद का मूहूर्त दो अक्तूबर को विजयदशमी के पर्व पर निकाला जाएगा।

गंगोत्री धाम मंदिर समिति के सचिव सुरेश सेमवाल ने बताया कि नवरात्र के शुभअवसर पर गंगोत्री धाम के कपाट बंद करने की तिथि और मूहूर्त को पंचांग के अनुसार निकाला गया। उन्होंने बताया कि गंगोत्री धाम के कपाट बंद होने के बाद मां गंगा की विग्रह डोली में भोगमूर्ति को आर्मी बैंड और स्थानीय वाद्य यंत्रों के साथ शीतकालीन प्रवास मुखबा गांव के लिए रवाना किया जाएगा।

22 अक्टूबर की रात्रि में गंगा की डोली मुखबा गांव से करीब दो किमी की दूरी पर स्थित मार्कडेंय मंदिर में रात्रि विश्राम करेगी। उसके बाद अगले दिन 23 अक्तूबर को दोपहर में गंगा जी की विग्रह डोली मुखबा गांव पहुंचेगी। वहां पर गंगा मंदिर में उनकी भोगमूर्ति को विधिविधान से शीतकाल छह माह के लिए स्थापित किया जाएगा।

वहीं दूसरी ओर यमुनोत्री धाम मंदिर समिति के प्रवक्ता पुरूषोत्तम उनियाल ने बताया कि यमुनोत्री धाम के कपाट भैयादूज पर 23 अक्तूबर को शीतकाल के लिए बंद किए जाएंगे। इसका मूहूर्त दो अक्टूबर को विजयदशमी के पर्व पर पंचांग के अनुसार निकाला जाएगा।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.