April 8, 2026

श्री बदरीनाथ गाडू घड़ा (तेल कलश) यात्रा का शुभारंभ, रात्रि विश्राम हेतु चेला चेतराम धर्मशाला पहुँचेगी

श्री बदरीनाथ डिमरी धार्मिक केंद्रीय पंचायत और श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार, 7 अप्रैल को गाडू घड़ा (तेल कलश) यात्रा रात्रि विश्राम हेतु मंदिर समिति की चेला चेतराम धर्मशाला, ऋषिकेश पहुँचेगी।

आज प्रातः डिमरी धार्मिक पंचायत के पदाधिकारीगण टिहरी राज दरबार, नरेंद्र नगर पहुँचे, जहां महारानी माला राज्यलक्ष्मी शाह सहित सुहागिन महिलाओं ने तिलों पिरोकर तेल का कलश श्री डिमरी धार्मिक केंद्रीय पंचायत को सौंपा। इस अवसर पर राजदरबार नरेंद्र नगर से महाराजा मनुजयेंद्र शाह द्वारा तेल कलश यात्रा का शुभारंभ किया गया। उल्लेखनीय है कि इन तिलों के तेल से कपाट खुलने के दौरान भगवान बदरीविशाल का अभिषेक किया जाता है।

श्री बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि बुधवार, 8 अप्रैल को श्रद्धालु रेल्वे रोड स्थित चेला चेतराम धर्मशाला में गाडू घड़ा तेल कलश के दर्शन करेंगे। दर्शन, पूजा-अर्चना और प्रसाद वितरण के पश्चात तेलकलश यात्रा अपराह्न में रात्रि विश्राम हेतु अगले पड़ाव श्री शत्रुघ्न मंदिर, मुनिकीरेती को प्रस्थान करेगी। इसके बाद तेलकलश यात्रा 9 अप्रैल को श्रीनगर गढ़वाल के लिए रवाना होगी।

इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री और विधायक प्रेमचंद अग्रवाल तथा मंदिर समिति अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु कलश दर्शन को पहुँचेंगे।

भगवान बदरीविशाल के अभिषेक में प्रयुक्त तेल कलश कुछ दिनों तक डिमरी तीर्थ पुरोहितों के मूल गांव डिम्मर स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में रखा जाएगा, जहां इसकी प्रतिदिन विशेष पूजा-अर्चना होगी। यात्रा के दौरान तेलकलश 20 अप्रैल को श्री नृसिंह मंदिर, ज्योतिर्मठ और रविग्राम, 21 अप्रैल को पांडुकेश्वर में रात्रि विश्राम करेगा। 22 अप्रैल की शाम तक तेलकलश श्री बदरीनाथ धाम पहुँच जाएगा, और 23 अप्रैल प्रातः 6:15 बजे विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के लिए कपाट खोल दिए जाएंगे।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.