उत्तराखंड STF की कार्रवाई: हत्या के मामले में ₹50 हजार का इनामी अभियुक्त चंडीगढ़ से गिरफ्तार
उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने हत्या के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे ₹50 हजार के इनामी अभियुक्त को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया है। अभियुक्त की पहचान प्रदीप पुत्र बृजपाल, निवासी ऊदपुर, झिझाना, शामली, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। वह हरिद्वार के कनखल थाना क्षेत्र में वर्ष 2024 में दर्ज हत्या के मामले में वांछित था।
एसटीएफ के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सक्रिय गैंग, गैंगस्टर और इनामी अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे थे। इसी क्रम में टीम ने इनपुट विकसित करने, मैनुअल पुलिसिंग और लगातार पतारसी-सुरागरसी के आधार पर अभियुक्त प्रदीप को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि अभियुक्त पंजाब में छोटा हाथी वाहन से माल की डिलीवरी का काम कर रहा था।
वर्ष 2024 में आश्रम में हुई थी महंत की हत्या
पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2024 में हरिद्वार के कनखल थाना क्षेत्र स्थित श्रद्धा भक्ति आश्रम में गुरुजी महंत गोविन्द दास के शिष्य विशम्बर दास, उम्र करीब 73 वर्ष, की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में कुल छह अभियुक्तों के नाम सामने आए थे।
इनमें से चार अभियुक्तों को हरिद्वार पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं, एक अन्य अभियुक्त सौरभ उर्फ नीटू को एसटीएफ ने 20 सितंबर 2026 को बागपत से गिरफ्तार किया था। मामले में प्रदीप लंबे समय से फरार चल रहा था।
गिरफ्तारी पर घोषित था ₹50 हजार का इनाम
अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए उसके घर की कुर्की की कार्रवाई भी की जा चुकी थी। इसके बावजूद फरार रहने पर उच्चाधिकारियों की ओर से उसकी गिरफ्तारी पर ₹50 हजार का इनाम घोषित किया गया था।
यह मामला थाना कनखल में मुकदमा संख्या 337/2024 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 302, 201, 120बी और 34 में दर्ज किया गया था।
फरार अभियुक्तों के खिलाफ अभियान जारी
एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि फरार इनामी अभियुक्त प्रदीप की तलाश में टीम लगातार प्रयास कर रही थी। प्राप्त इनपुट और प्रभावी पुलिसिंग के आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे चंडीगढ़ से गिरफ्तार करने में सफलता मिली।
एसटीएफ के अनुसार, वांछित एवं इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
