पौड़ी के रिखणीखाल में दर्दनाक हादसा, गहरी खाई में गिरा वाहन; 7 लोगों की मौत की सूचना
उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रिखणीखाल क्षेत्र के किलवाड़ी के पास एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में प्रारंभिक सूचना के अनुसार सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में अधिकांश महिलाएं बताई जा रही हैं। वहीं, तीन से चार लोगों के घायल होने की भी सूचना है।
जानकारी के अनुसार, वाहन में सवार महिलाएं स्वयं सहायता समूह में पंजीकरण कराने के लिए जा रही थीं। इसी दौरान किलवाड़ी के पास वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को निकालकर उपचार के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।
प्रारंभिक जानकारी में दुर्घटनाग्रस्त वाहन बोलेरो या इको बताया जा रहा है। हालांकि, वाहन के प्रकार के साथ ही मृतकों और घायलों की वास्तविक संख्या की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
इस दर्दनाक हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर है। हादसे में जान गंवाने वालों को विनम्र श्रद्धांजलि और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की जा रही है।
