June 24, 2026

बदला मौसम…बदरीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब और यमुना घाटी में हुई बर्फबारी

उत्तराखंड में बुधवार से एक बार फिर मौसम बदला। चमोली जनपद में फिर मौसम ने करवट बदली। बदरीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब के साथ ही ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई जबकि निचले क्षेत्रों में बारिश होने से ठंड बढ़ गई है। हालांकि दोपहर बाद मौसम सामान्य हो गया। वहीं, यमुना घाटी में भी बर्फबारी हुई।

बुधवार को तड़के से ही ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी शुरू हो गई थी जबकि निचले क्षेत्रों में बादल छाए रहे। बदरीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब, रुद्रनाथ, फूलों की घाटी, गोरसों, औली, नंदा घुंघटी के साथ ही नीती और माणा घाटी में बर्फबारी हुई। बर्फबारी से औली मार्ग पर वाहनों की आवाजाही में दिक्कतें आईं। बदरीनाथ हाईवे पर भी हनुमानचट्टी से आगे बर्फ जम गई है जिसे हटाने के लिए बीआरओ की मशीनें लगाई गई हैं।

चार दिन बदला रहेगा मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से अगले चार दिन तक बारिश-बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है। इसके चलते तापमान में तेजी से गिरावट होने से कड़ाके की ठंड होगी।

केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार देहरादून के ऊंचाई वाले इलाकों के साथ उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिले के कुछ हिस्सों में बारिश के साथ बर्फबारी का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा हरिद्वार, पौड़ी, बागेश्वर, पिथौरागढ़ व अल्मोड़ा जिले में भी बारिश के आसार हैं। जबकि, 3200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 26 फरवरी से एक मार्च तक प्रदेशभर में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहने से मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिल सकता है।

प्रदेश के सभी जिलों के लिए बारिश-बर्फबारी का येलो तो 28 फरवरी के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके चलते बारिश-बर्फबारी से मैदान से लेकर पहाड़ तक के तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिले में भारी बर्फबारी होने की संभावना है।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.