October 31, 2025

सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठतम न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत होंगे सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश?

Delhi, 27 October 2025,

सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश भूषण आर. गवई ने केंद्र सरकार को सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठतम न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत के नाम की , अपने उत्तराधिकारी के रूप में सिफारिश की है। इसके साथ ही देश के 53वें मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू हो गई है।

मुख्य न्यायाधीश भूषण आर. गवई का कार्यकाल 23 नवंबर 2025 को समाप्त हो रहा है। अगर कानून मंत्रालय मुख्य न्यायाधीश भूषण आर. गवई द्वारा उत्तराधिकारी के रुप में भेजी गई सिफारिश को मंजूरी देता है, तो न्यायमूर्ति सूर्यकांत देश के नए मुख्य न्यायाधीश के पद की शपथ लेंगे। न्यायमूर्ति सूर्यकांत का कार्यकाल लगभग 14 महीने का होगा ।

न्यायमूर्ति सूर्यकांत का जन्म 10 फरवरी 1962 को हरियाणा के हिसार में हुआ था। वे 24 मई 2019 को सुप्रीम कोर्ट के जज बने। अपने लंबे न्यायिक करियर में न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, लोकतंत्र, भ्रष्टाचार, पर्यावरण, महिलाओं के अधिकार और अनुच्छेद 370 जैसे कई अहम मुद्दों पर ऐतिहासिक फैसले दिए हैं।

सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट के न्यायाधीशों की नियुक्ति, स्थानांतरण और पदोन्नति के दिशानिर्देश , के अनुसार भारत के मुख्य न्यायाधीश के पद पर नियुक्ति के लिए सुप्रीम कोर्ट के सबसे वरिष्ठ न्यायाधीश को चुना जाना चाहिए, जिन्हें पद धारण करने के लिए उपयुक्त माना जाता है। इसके अनुसार केंद्रीय कानून मंत्रालय, ‘उचित समय पर’, निवर्तमान मुख्य न्यायाधीश से उनके उत्तराधिकारी की नियुक्ति के लिए अनुशंसा प्राप्त करेगा। परंपरा के अनुसार, यह पत्र वर्तमान मुख्य न्यायाधीश के 65 वर्ष की आयु होने पर सेवानिवृत्त होने से एक महीने पहले भेजा जाता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *