विश्व स्वास्थ्य दिवस पर रायवाला में ‘वन हेल्थ’ पर जागरूकता, सामुदायिक सहभागिता पर जोर
विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर रायवाला स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में ‘वन हेल्थ’ विषय पर जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने कहा कि इस मिशन की सफलता के लिए सामुदायिक सहभागिता बेहद जरूरी है।
एम्स ऋषिकेश के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों, तीमारदारों और आम लोगों को ‘वन हेल्थ’ की अवधारणा के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मानव, पशु और पर्यावरण के स्वास्थ्य का आपसी संबंध समझना और उस दिशा में मिलकर कार्य करना बेहद आवश्यक है।
विशिष्ट अतिथि डॉ. सुनीला गर्ग ने सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज (यूएचसी) को मजबूत करने और प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर जोर दिया। वहीं प्रो. वर्तिका सक्सैना ने बताया कि समुदाय की भागीदारी बढ़ाकर और प्राथमिक स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ कर ‘वन हेल्थ मिशन’ को प्रभावी बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान एमडी रेजिडेंट्स और एमपीएच विद्यार्थियों के बीच डेमोंस्ट्रेशन प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें “न्यूट्रिशन कॉर्नर” को प्रथम स्थान मिला। साथ ही एएनएम अंजलि लिंगवाल, आशा कार्यकर्ता अनिता भट्ट और सुरक्षा कर्मी महिपाल सिंह को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना और सामुदायिक स्तर पर सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
