June 24, 2026

बैंकों के ऋण जमा अनुपात को बढ़ाने के लिए सहकारिता के क्षेत्र में प्रयास की जरूरत।

देहरादून 14 फरवरी 2023,

सचिवालय में आयोजित उत्तराखण्ड राज्य सहकारी बैंकों की बैठक के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पर्वतीय ज़िलों में लोगों की आजीविका बढ़ाने व बैंकों के ऋण जमा अनुपात को बढ़ाने की दिशा में सहकारिता के क्षेत्र में और प्रयासों की जरूरत है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों की आजीविका को बढ़ाने के लिए राज्य में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ाने की दिशा में विशेष ध्यान दिया जाए। सरकार की विभिन्न योजनाओं का आमजन अधिक से अधिक फायदा ले सकें, इसके लिए समुचित व्यवस्था की जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में मोटे अनाजों के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए प्रयास किए जाएं व लोगों को प्रोत्साहित किया जाए। सहकारी बैंकों के माध्यम से भी लोन की प्रक्रियाओं के सरलीकरण की दिशा में विशेष ध्यान दिया जाए।

सहकारिता मंत्री धनसिंह रावत ने कहा कि पिछले 5 सालों में राज्य के सहकारी बैंकों के एनपीए में तेजी से कमी की गई है। 5 साल पहले एनपीए लगभग 20% था, जो अब घटकर 3.81% है। सहकारी बैंकों के माध्यम से मोबाइल बैंकिंग की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।

बैठक में सचिव आर.मीनाक्षी सुंदरम, बी.वी.आर.सी पुरुषोत्तम, अपर निबंधक सहकारिता श्रीमती ईरा उप्रेती, एमडी सहकारिता नीरज बेलवाल एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.