October 31, 2026

रन फॉर यूनिटी में सीएम धामी की बड़ी घोषणाएं, पीआरडी जवानों का बढ़ेगा मानदेय

Dehradun

राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को देहरादून के पवेलियन ग्राउंड में आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। उन्होंने दौड़ में शामिल युवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश दिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने युवाओं, खिलाड़ियों और प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों के हित में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री ने पीआरडी जवानों के मानदेय में वृद्धि किए जाने की घोषणा करते हुए कहा कि इस संबंध में जल्द ही बैठक आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री खेल क्लब गठित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने के बेहतर अवसर मिलेंगे।

मुख्यमंत्री ने देहरादून के आमवाला स्थित युवा केंद्र से लगी रिक्त भूमि को युवा कल्याण विभाग के नाम हस्तांतरित करने की भी घोषणा की। इस भूमि पर मिनी स्टेडियम और अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र बनाया जाएगा। इससे युवाओं को खेल सुविधाओं के साथ ही सेना में भर्ती की तैयारी के लिए प्रशिक्षण की सुविधा मिल सकेगी।

खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के तहत विभिन्न स्तरों पर आयोजित प्रतियोगिताओं की पुरस्कार राशि में भी बढ़ोतरी की गई है। न्याय पंचायत स्तर पर प्रथम पुरस्कार 300 से बढ़ाकर 400 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 200 से बढ़ाकर 300 रुपये और तृतीय पुरस्कार 150 से बढ़ाकर 200 रुपये किया जाएगा। विधानसभा स्तर पर प्रथम पुरस्कार 500 से बढ़ाकर 700 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 400 से बढ़ाकर 500 रुपये और तृतीय पुरस्कार 300 से बढ़ाकर 400 रुपये किया जाएगा।

इसी तरह संसदीय क्षेत्र स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार की राशि क्रमशः 800, 600 और 400 रुपये से बढ़ाकर 1,000, 800 और 600 रुपये की जाएगी। राज्य स्तर पर पुरस्कार राशि 1,500, 1,000 और 700 रुपये से बढ़ाकर क्रमशः 2,000, 1,500 और 1,000 रुपये की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के ओवरऑल विजेता जनपद को दिए जाने वाले मुख्यमंत्री कप की पुरस्कार राशि भी पांच लाख से बढ़ाकर 10 लाख रुपये करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि वर्तमान में इस प्रतियोगिता के तहत 32 खेल आयोजित किए जाते हैं, जिनकी संख्या बढ़ाकर 50 की जाएगी। इनमें उत्तराखंड के पारंपरिक खेलों को विशेष रूप से शामिल किया जाएगा। इसके साथ ही चैंपियनशिप ट्रॉफी के आयोजन के लिए निर्धारित कुल धनराशि में भी वृद्धि की जाएगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए प्रदेशवासियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और नेतृत्व क्षमता से देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत आधार दिया। विभिन्न रियासतों का एकीकरण कर उन्होंने एक सशक्त और अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सबसे पहली पहचान भारतीय होने की है। यही भावना हमें आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए मिलकर काम करने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 से सरदार पटेल की जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। उनके योगदान को चिरस्थायी बनाने के लिए गुजरात में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का निर्माण भी किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘रन फॉर यूनिटी’ जैसे आयोजन सरदार पटेल के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का माध्यम हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है और इस लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से अनुशासन, परिश्रम और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने की अपील की।

उन्होंने युवाओं से खेल, योग और नियमित शारीरिक गतिविधियों को अपनी दिनचर्या में शामिल करने तथा नशे से दूर रहने का आह्वान किया। साथ ही नशामुक्त उत्तराखंड के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने और नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने की अपील की।

जोशीमठ हेलीकॉप्टर हादसे पर जताया दुख

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बदरीनाथ धाम से लौटते समय जोशीमठ क्षेत्र में हुए हेलीकॉप्टर हादसे पर भी गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने हादसे में दिवंगत लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने भगवान बदरी विशाल से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और उनके परिजनों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

 

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.