नगरासू गुरुद्वारा विवाद के बाद स्थिति सामान्य, हेमकुंड व चारधाम यात्रा सुचारू: प्रशासन
रुद्रप्रयाग। नगरासू स्थित गुरुद्वारा साहिब में हुए विवाद के बाद जिला प्रशासन और पुलिस ने स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में होने का दावा किया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि श्री हेमकुंड साहिब यात्रा और चारधाम यात्रा पूरी तरह सुचारू रूप से संचालित हो रही हैं तथा कहीं भी किसी प्रकार का व्यवधान नहीं है।
पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने बताया कि गुरुद्वारे में सेवादारों और कुछ निहंग सिख यात्रियों के बीच विवाद की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया और कानून व्यवस्था बनाए रखी।
उन्होंने कहा कि प्रशासन, पुलिस और गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के प्रतिनिधि लगातार संवाद के माध्यम से मामले के समाधान की दिशा में कार्य कर रहे हैं। वर्तमान में क्षेत्र में शांति का माहौल है और किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति नहीं है।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि यात्रा मार्ग, यातायात व्यवस्था और सभी धार्मिक गतिविधियां सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं। श्रद्धालुओं और यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो रही है।
प्रशासन ने सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही भ्रामक और अपुष्ट सूचनाओं से सावधान रहने की अपील की है। जिलाधिकारी ने कहा कि लोग केवल प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें तथा अफवाहों पर ध्यान न दें।
प्रशासन के अनुसार जिले में कानून व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है और यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि यात्रा को निर्बाध रूप से संचालित करने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है।
विशाल मिश्रा, जिलाधिकारी, रुद्रप्रयाग
नीहारिका तोमर, पुलिस अधीक्षक, रुद्रप्रयाग
