October 4, 2026

भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान, तीरथ रावत राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और अनिल बलूनी बने मीडिया संयोजक

BJP

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को पार्टी की नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया। 17 अगस्त 2026 से प्रभावी नई सूची में उत्तराखंड को भी संगठन में महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व मिला है। पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि पूर्व राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी को राष्ट्रीय मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

भाजपा की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में तीरथ सिंह रावत का नाम 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्षों की सूची में शामिल है। उनके अलावा राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया, राम माधव, बैजयंत जय पांडा, डी. पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा समेत कई वरिष्ठ नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।

वहीं उत्तराखंड से अनिल बलूनी को राष्ट्रीय मीडिया संयोजक बनाया गया है। संगठन में यह अहम जिम्मेदारी मिलने के बाद बलूनी भाजपा के राष्ट्रीय स्तर पर मीडिया प्रबंधन और पार्टी की आधिकारिक संवाद व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

इसके अलावा महेंद्र पांडे को राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री और आलोक भट्ट को सोशल मीडिया सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। इस तरह भाजपा की नई केंद्रीय टीम में उत्तराखंड के कई नेताओं को अलग-अलग महत्वपूर्ण दायित्व मिले हैं।

नई टीम में स्मृति ईरानी और विनोद तावड़े को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है। वहीं बीएल संतोष राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) के पद पर बने रहेंगे। शिवप्रकाश और सौदान सिंह को राष्ट्रीय सह-महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

भाजपा की नई टीम में देश के विभिन्न राज्यों के नेताओं को प्रतिनिधित्व दिया गया है। पार्टी के इस संगठनात्मक फेरबदल को आगामी चुनावों और संगठन को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। उत्तराखंड से तीरथ सिंह रावत, अनिल बलूनी, महेंद्र पांडे और आलोक भट्ट को मिली जिम्मेदारियों से प्रदेश भाजपा की राष्ट्रीय संगठन में भूमिका और मजबूत हुई है।

 

Share

You may have missed

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.