June 24, 2026

भारत ने पहला निजी रॉकेट का सफल प्रक्षेपण किया।

देहरादून 19 नवंबर 2022,

दिल्ली: भारत के पहले निजी रॉकेट के सफल प्रक्षेपण के तुरंत बाद, केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह जो कि आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित प्रक्षेपण स्थल पर मौजूद थे, ने अपनी पहली प्रतिक्रिया में कहा कि, “बधाई हो भारत! भारत की अंतरिक्ष यात्रा में एक नई शुरुआत! बहुत बहुत धन्यवाद। सार्वजनिक निजी भागीदारी के लिए अंतरिक्ष क्षेत्र को खोलकर इस प्रयास को संभव बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी जी को बहुत-बहुत धन्यवाद। भारत के स्टार्ट-अप आंदोलन के लिए एक महत्वपूर्ण मोड़! इसरो को एक नई उपलब्धि के लिए बधाई।

भारतीय अन्तरिक्ष अनुसन्धान संगठन (इसरो) का कहना है कि “मिशन का प्रारंभ फलतापूर्वक पूरा हुआ है”, वहीं स्काईरूट एयरोस्पेस ने कहा कि “विक्रम-एस ने आकाश को सुशोभित करने वाले भारत के पहले निजी रॉकेट के रूप में इतिहास रच दिया हैI”

केंद्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और प्रधानमंत्री कार्यालय, परमाणु ऊर्जा और अंतरिक्ष राज्यमंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह व्यक्तिगत रूप से आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा में इस महत्वपूर्ण अवसर के साक्षी बने।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि इसरो ने स्वतंत्र भारत के 75 वर्षों के इतिहास में एक शानदार उपलब्धि प्राप्त करने के साथ ही अपनी गौरवशाली अंतरिक्ष यात्रा में एक और कीर्तिमान स्थापित किया है। मंत्री महोदय ने कहा कि इस प्रक्षेपण ने भारत को दुनिया की अग्रणी अंतरिक्ष शक्तियों में शामिल कर दिया है और कई महत्वाकांक्षी देश अब भारतीय विशेषज्ञता से प्रेरणा लेने के लिए उत्सुक हैं। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी द्वारा निजी भागीदारी के लिए दो साल पहले भारत में अंतरिक्ष क्षेत्र को खोलने के बाद एक प्रमुख उपलब्धि बताया।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने बताया कि विक्रम-एस एक एकल चरण ईंधन (सिंगल स्टेज फ्यूल) रॉकेट है जो अगले साल विक्रम-1 के प्रक्षेपण (लॉन्च) से पहले स्काईरूट एयरोस्पेस की परियोजना में अधिकांश प्रणालियों और प्रक्रियाओं का परीक्षण करेगा। उन्होंने कहा कि रॉकेट अधिकतम 81.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक जाता है और उसके बाद समुद्र में गिर जाता है तथा प्रक्षेपण की कुल अवधि लगभग 300 सेकंड ही होती है।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि स्काईरूट अपने रॉकेट लॉन्च करने के लिए इसरो के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर करने वाला पहला स्टार्टअप था। उन्होंने कहा, कि देश का पहला निजी प्रक्षेपण (लॉन्च) होने के अलावा यह स्काईरूट एयरोस्पेस का पहला मिशन भी है, जिसे “प्रारंभ” नाम दिया गया है।

बाद में मीडिया को संबोधित करते हुए डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा, भारत के लिए वह महत्वाकांक्षी सपना जो भारतीय अन्तरिक्ष अनुसन्धान संगठन (इसरो) के पहले अध्यक्ष और भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम के संस्थापक डॉ. विक्रम साराभाई ने अपनी प्रारम्भिक अत्यल्प संसाधनों वाली वैज्ञानिक व्यवस्था में बैठकर देखा था, आज शानदार ढंग से पूरा सिद्ध हुआ है । उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने भारत को देश की विज्ञान, प्रौद्योगिकी – नवाचार क्षमताओं के लिए सार्वभौमिक मान्यता अर्जित करने में सक्षम बनाया है और हमारे स्टार्ट-अप्स की बहुत मांग है। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया भारत को एक प्रेरणादायक स्थान के रूप में देख रही है, क्योंकि यह क्षमता निर्माण और नैनो उपग्रहों सहित उपग्रह निर्माण में नवोदित देशों की सहायता भी कर रहा है।

 

 

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.