July 17, 2026

भिक्षावृत्ति करने व करवाने वालों पर जिलाधिकारी ने प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश दिए।

देहरादून 04 जुलाई 2022 ,

उत्तराखंड: शहर में भिक्षावृत्ति करने एंव करवाने वालों पर देहरादून जिला प्रशासन सख्त हो गया है। इस मामले में जिलाधिकारी डॉ आर राजेश कुमार की अध्यक्षता में जिला टास्कफोर्स समिति की बैठक संपन्न हुई। जिलाधिकारी ने जनपद में भिक्षावृत्ति पर रोक लगाने हेतु कड़े कदम उठाने के निर्देश टास्क फोर्स समिति एवं संबंधित विभागों को दिए। भिक्षावृत्ति करने एंव करवाने वालों पर खासकर जो महिलाएं बच्चों को गोद में लेकर भिक्षावृत्ति कर रही हैं उन पर विशेष कार्रवाई करने तथा बच्चों को चाइल्ड केयर होम में रखने को कहा। साथ ही भिक्षावृत्ति करने वालों पर जे जे एक्ट में कार्रवाई करने को कहा।

उन्होंने समिति के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर में जो भिक्षावृत्ति के मुख्य स्थल है को चिन्हित करते हुए नियमित रूप से प्रभावी कार्रवाई की जाए। भिक्षावृत्ति को एक अपराधिक दृष्टिकोण से देखते हैं भिक्षावृत्ति करने व करवाने वालों पर प्राथमिकी दर्ज करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने जनमानस को भिक्षा ना देने हेतु जागरूक करने के लिए मुख्य स्थानों पर पोस्टर बैनर चस्पा करने, नगर निगम के कूड़ा कलेक्शन वाहनों से इसके लिए जागरूकता संदेश चलाए जाए, भिक्षावृत्ति करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने तथा इस कार्य में स्थानीय अभिसूचना इकाई की भी मदद ली जाए। उन्होंने समिति के सदस्यों को संबंधित विभागों से समन्वय करते हुए प्रभावी योजना के तहत कार्य करने के निर्देश दिए। कहा कि अन्य राज्यों के लोग जो भिक्षावृत्ति करते हुए पाए जाते हैं उनका पूर्ण पता लेते हुए उनको अपने मूल राज्य एवं जनपद में भेजे जाने की व्यवस्था बनाए। बार-बार भिक्षावृत्ति करते हुए पकड़े जाने वाले लोगों पर जे जे एक्ट में निर्धारित प्राविधानों के अनुरूप सख्त कार्यवाही अमल में लाते हुए जेल भेजा जाए।

जिलाधिकारी ने जनमानस से अपेक्षा की है कि सड़क, चैराहों, बाजारों, धार्मिक स्थलों के बाहर भिक्षावृत्ति करने वालों को भिक्षा न दी जाए, ऐसा करने से भिक्षावृत्ति की प्रवृत्ति पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।

बैठक में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ0 सी.एस रावत, जिला प्रोबेशन अधिकारी मीना बिष्ट, ए.एल सी श्रम विभाग ऋषिकेश के.के गुप्ता, ए.एल सी देहरादून एस.सी.आर्य, अध्यक्ष मैक संस्था जहांगीर आलम, सहायक श्रम आयुक्त रितिक शर्मा, राज्य समन्वयक बचपन बचाव आन्दोलन सुरेश उनियाल, केन्द्रीय समन्वयक चाइल्ड लाईन दीपिका पंवार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.