June 25, 2026

“लम्पी प्रो-वैक” वैक्सीन के उत्पादन के लिए समझौता-ज्ञापन:वैक्सीन लम्पी स्किन

देहरादून 31 दिसंबर 2022,

महाराष्ट्र: मत्स्यपालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री पुरुषोत्त्म रुपाला तथा महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री श्री एकनाथ शिन्दे की उपस्थिति में गोट पॉक्स वैक्सीन तथा “लम्पी प्रो-वैक” वैक्सीन के उत्पादन के लिये नागपुर में 29 दिसंबर, 2022 को एक समझौता-ज्ञापन पर हस्ताक्षर किये गये। श्री रूपाला ने आईसीएआर के उन प्रयासों की सराहना की, जो आईसीएआर ने लम्पी चर्मरोग से लड़ने के लिये स्वदेश स्तर पर वैक्सीन विकसित करने के लिये किये। वैक्सीन का नाम लम्पी प्रो-वैक है। उन्होंने आगे कहा कि समझौता-ज्ञापन से गोट पॉक्स वैक्सीन का बड़े पैमाने पर उत्पादन सुनिश्चित हो जायेगा, ताकि भारत के पशुधन सेक्टर की भावी जरूरतों को पूरा किया जा सके। इस समय गोट पॉक्स वैक्सीन पशुओं में लम्पी चर्मरोग को नियंत्रित करने के लिये इस्तेमाल की जाती है। यह वैक्सीन लम्पी स्किन डिजीज के विरुद्ध कारगर साबित हुई है।

श्री रूपाला ने आईवीबीपी, पुणे से आग्रह किया कि वह बिना विलंब किये बड़े पैमाने पर वैक्सीन का उत्पादन शुरू कर दे, ताकि विभाग इसका इस्तेमाल रोग पर काबू पाने के लिये करके किसानों की सहायता कर सके।

राष्ट्रीय पशुचिकित्सा प्रारूप संवर्धन केंद्र, भाकृ-अनुप राष्ट्रीय अश्व अनुसंधान केंद्र, हिसार (हरियाणा) ने भाकृ-अनुप-भारतीय पशु-चिकित्सा अनुसंधान संस्थान, इज्जतनगर, उत्तरप्रदेश के सहयोग से होमोलोगस लाइव-एटेनुएटेड एलएसडी वैक्सीन को विकसित किया है, जिसका नाम लम्पी-प्रोवैकइंड है। केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्रालय के अधीन कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग के एग्रीइनोवेट इंडिया लिमिटेड ने आईवीबीपी, पुणे को आज “लम्पी-प्रोवैक” के वाणिज्यिक उत्पादन के लिये “सीमित अधिकार” दे दिये हैं।

लम्पी-प्रोवैक पशुओं के लिये सुरक्षित है और यह एलएसडीवी-विशिष्ट एंटीबॉडी पैदा करके कोषिकाओं को लड़ने की ताकत देता है। इसके अलावा घातक एलएसडीवी चुनौतियों से भी पूरी सुरक्षा प्रदान करता है। लम्पी-प्रोवैकइंड का इस्तेमाल लम्पी स्किन डिजीज से लड़ने के लिये पशुओं के प्रतिरक्षा तंत्र को मजबूत बनाता है। इस टीके से साल भर का बचाव मिल जाता है। वैक्सीन की एक खूराक में लाइव-एटेनयूएटेड एलएसडीवी (रांची स्ट्रेन) 103.5 टीसीआईडी50 मौजूद है। वैक्सीन को 40 सेलसियस तापमान पर रखना होता है। वैक्सीन को लाने-ले जाने के लिये बर्फ में रखा जाये और चंद घंटों में ही लगा दिया जाये। इस प्रौद्योगिकी के लिये आईसीएआर ने पेटेन्ट आवेदन कर दिया है।

वर्ष 2019 में लम्पी स्किन डिजीज का पहला मामला ओडिशा में देखा गया था। इसके बाद यह देश के कई राज्यों में फैल गया। वर्ष 2019 में विभिन्न राज्यों से मवेशियों के बड़े पैमाने पार मारे जाने की खबरें मिलीं, जिनमें सबसे ज्यादा नुकसान देश के उत्तर-पश्चिम इलाकों में हुआ था। देश में रोग पर रोकथाम और नियंत्रण उपलब्ध गोटपॉक्स वैक्सीन से किया जाता रहा है। मवेशियों के बड़े पैमाने पर मारे जाने की घटनाओं पर विचार करके आईसीएआर ने लम्पी स्किन डिजीज पर अनुसंधान करके उससे निपटने के लिये स्वदेशी होमोलॉगस वैक्सीन विकसित की।

 

 

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.