देहरादून में वन्दे मातरम् कैंप 2026-27, युवाओं को नशामुक्ति, उद्यमिता और राष्ट्र निर्माण का संदेश
मेरा युवा भारत, उत्तराखण्ड की ओर से देहरादून में आयोजित वन्दे मातरम् कैंप 2026-27 में शुक्रवार को युवाओं के लिए ध्यान, नशा मुक्ति, उद्यमिता, सामाजिक परिवर्तन, लोक संस्कृति, युवा नेतृत्व और राष्ट्रीय एकता से जुड़े विभिन्न सत्र आयोजित किए गए। कैंप में विभिन्न राज्यों से पहुंचे युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से अपने विचार साझा किए।
कैंप के प्रमुख सत्र में शिक्षाविद एवं सामाजिक कार्यकर्ता ललित जोशी ने “Entrepreneurship and Nasha Mukt Yuva for Viksit Bharat” विषय पर युवाओं से संवाद किया। उन्होंने कहा कि नशामुक्त युवा केवल स्वस्थ समाज की पहचान नहीं, बल्कि विकसित भारत की महत्वपूर्ण शक्ति हैं। युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा को नशे से दूर रखते हुए शिक्षा, कौशल, उद्यमिता, नवाचार और राष्ट्र निर्माण की दिशा में लगाने की आवश्यकता है।
ललित जोशी ने नशामुक्त भारत अभियान का उल्लेख करते हुए युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने मित्रों व समाज के अन्य युवाओं को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि “नशे को ना, जिंदगी को हां” का संदेश प्रत्येक युवा तक पहुंचना चाहिए। साथ ही उन्होंने युवाओं से केवल रोजगार प्राप्त करने तक सीमित न रहकर रोजगार सृजक बनने की दिशा में उद्यमिता और नए अवसरों को अपनाने की अपील की।
ध्यान और जागरूकता सत्र से हुई शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत ब्रह्माकुमारीज द्वारा आयोजित ध्यान एवं मेडिटेशन सत्र से हुई। इसमें मानसिक एकाग्रता, आत्म-अनुशासन और सकारात्मक सोच के महत्व पर चर्चा की गई। इसके बाद ड्रग्स एवं सब्सटेंस एब्यूज के दुष्प्रभावों को लेकर जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। युवाओं को नशे के व्यक्तिगत, सामाजिक और पारिवारिक प्रभावों के बारे में जानकारी दी गई।
लोक संस्कृति और राष्ट्रभावना से जुड़े कार्यक्रम
कैंप में आयोजित एक्सटेम्पोर प्रतियोगिता में युवाओं ने विभिन्न विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए। वहीं स्वतंत्रता आंदोलन और राष्ट्रभावना से जुड़े लोकगीतों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में भारतीय लोक संस्कृति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत किया।
इसके अलावा सामाजिक कार्यकर्ता अवधेश शर्मा ने उत्तराखण्ड में युवाओं द्वारा किए जा रहे सामाजिक बदलाव और उनकी भूमिका पर संवाद किया। सामाजिक कार्यकर्ता मोहित बिष्ट ने “मेरा युवा भारत संगठन” विषय पर युवाओं की सामाजिक एवं संगठनात्मक सहभागिता को लेकर विचार साझा किए।
कैंप के विभिन्न सत्रों के माध्यम से युवाओं को नशामुक्त जीवन, आत्मनिर्भरता, सामाजिक जिम्मेदारी, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।
