देहरादून 23 मई 2022,
दिल्ली: इलेक्ट्रॉनिक एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने घोषणा की कि नागरिक अब डिजीलॉकर सेवाओं का उपयोग करने के लिए व्हाट्सएप पर mygov app माईगव हेल्पडेस्क का उपयोग कर सकेंगे। इन सेवाओं में व्हाट्सएप पर डिजिलॉकर खाते बनाना और उन्हें प्रमाणित करना, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण प्रमाण-पत्र जैसे दस्तावेज डाउनलोड करना शामिल हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार डिजिटल इंडिया के माध्यम से “ईज ऑफ लिविंग” के लिए काम कर रही है। इस संदर्भ में व्हाट्सएप पर माईगव हेल्पडेस्क नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण शासन और सरकारी सेवाओं को सुनिश्चित करने की दिशा में एक प्रमुख कदम है।
माईगव हेल्पडेस्क अब डिजिलॉकर सेवाओं से शुरू होकर एकीकृत नागरिक सहायता और कुशल शासन के लिए कई सेवाएं प्रदान करेंगी। जिनमें पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, सीबीएसई दसवीं कक्षा उत्तीर्ण प्रमाण-पत्र,वाहन पंजीकरण प्रमाण-पत्र (आरसी),बीमा पॉलिसी – दुपहिया,
दसवीं कक्षा की अंक तालिका (मार्कशीट), बारहवीं कक्षा की अंक तालिका (मार्कशीट), बीमा पॉलिसी दस्तावेज (डिजिलॉकर पर उपलब्ध लाइफ और नॉन लाइफ) दस्तावेज हैं।
मार्च 2020 में अपने लॉन्च के बाद से व्हाट्सएप पर माईगोव हेल्पडेस्क (जिसे पहले माईगव कोरोना हेल्पडेस्क के नाम से जाना जाता था) ने लोगों को कोविड से संबंधित जानकारी के प्रामाणिक स्रोतों के साथ-साथ वैक्सीन लेने के लिए समय निर्धारित करने और वैक्सीन प्रमाण-पत्र डाउनलोड करने जैसे महत्वपूर्ण उपयोगों के साथ कोविड-19 महामारी से लड़ने में महत्वपूर्ण साधन के रूप में काम किया है। अब तक 80 मिलियन से अधिक लोग हेल्पडेस्क से जुड़ चुके हैं और 33 मिलियन से अधिक वैक्सीन प्रमाण-पत्र डाउनलोड किए जा चुके हैं। इसके माध्यम से देश भर में लाखों टीकाकरण के अपॉइंटमेंट भी बुक किए जा चुके हैं।