June 23, 2026

मिलावटखोरी पर सख्ती, क्रिसमस व नववर्ष पर खाद्य पदार्थों की जांच के लिए चलेगा विशेष अभियान

क्रिसमस पर्व व नववर्ष पर खाद्य पदार्थों पर मिलावटखोरी रोकने के लिए खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की ओर से विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के दौरान होटल, रेस्टोरेंट, मिठाइयों की दुकानों से खाद्य पदार्थों के सैंपल एकत्रित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के निर्देश पर एफडीए ने प्रदेश भर में विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया है। अपर आयुक्त एफडीए ताजबर सिंह जग्गी ने कहा, त्योहारी सीजन को ध्यान में रखते हुए मिठाई, नमकीन, बेकरी उत्पाद, कन्फेक्शनरी, डेयरी उत्पाद व अन्य खाद्य पदार्थों में मिलावट की विशेष निगरानी करने के साथ सैंपल जांच के लिए भेजे जाएंगे।

जिला स्तर पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के नेतृत्व में विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो निर्माण इकाइयों से लेकर थोक व खुदरा विक्रेताओं की जांच करेंगी। आम नागरिक भी विभागीय पोर्टल व टोल-फ्री नंबर पर मिलावटखोरी की शिकायत दे सकते हैं।

आयुक्त एवं स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि त्योहारों में खाद्य सुरक्षा को लेकर विभाग पूरी तरह सतर्क है। आम लोगों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध करना सरकार की प्राथमिकता है। सभी जिलों को निर्देश दिए गए कि प्राथमिकता वाले खाद्य पदार्थों की नियमित जांच की जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.