भाजपा के वरिष्ठतम विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष हरबंस कपूर का आकस्मिक निधन: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शोक संवेदना व्यक्त की।

देहरादून 13 दिसंबर 2021,

देहरादून: भाजपा के वरिष्ठतम विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष हरबंस कपूर का आकस्मिक निधन हो गया है। वे अविभाजित उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में लगातार 8 बार विधायक और उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष रहे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिवंगत विधायक हरबंस कपूर जी के आवास पर जाकर उनको भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शोकाकुल परिजनों को ढाढस बंधाया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री हरबंस कपूर जी राजनैतिक मूल्यों को आत्मसात करते हुए अपने विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए हमेशा मुखर रहे। लगातार 8 बार विधानसभा का चुनाव जीतना उनकी लोकप्रियता को साबित करता है। मुख्यमंत्री ने उनके परिजनों, समर्थकों और शुभचिंतकों को इस दुःख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने की कामना की है।

प्रदेश अध्यक्ष श्री मदन कौशिक एवं प्रदेश महामंत्री संग़ठन श्री अजेय ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए उनके निधन को पार्टी के लिए अपूर्णीय क्षति बताया है।

पार्टी के मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश भर में आज आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं। सभी जिलाध्यक्षों को इस बारे में अवगत करा दिया गया है। उन्होंने बताया कि श्री कपूर की अंतिम यात्रा दो बजे उनके आवास इंदिरा नगर से प्रस्थान कर 2:30 से 3 बजे भाजपा मुख्यालय में उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए रखा जायेगा। तत्पश्चात लखीबाग में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

दिवंगत नेता के प्रति शोक संवेदना प्रकट करने वालों में नगर निगम देहरादून के मेयर सुनील उनियाल गामा , राजपुर विधानसभा के विधायक खजान दास , नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह, कांग्रेश महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, विवेकानंद खंडूरी, स्वर्ण कालरा पूर्व मंत्री दिनेश अग्रवाल, भाजपा नेता बलजीत सोनी, अंजना उनियाल वालिया वह अनेक राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेता थे

 

 

 

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.