June 24, 2026

मानव वन्यजीव संघर्ष में मृतक के परिवार को ₹06 लाख अनुग्रह राशि दी जायेगी।

देहरादून 10 दिसंबर 2022,

उत्तराखण्ड राज्य वन्यजीव बोर्ड की 18वीं बैठक में निर्णय लिया गया कि, प्रदेश में मानव वन्यजीव संघर्ष में किसी व्यक्ति की मृत्यु होने पर उनके परिवार को देय अनुग्रह राशि ₹04 लाख से बढ़ाकर ₹06 लाख दी जायेगी। इसके साथ ही गंभीर रूप से घायल को अनुग्रह राशि ₹50 हजार से बढ़ाकर ₹01 लाख दी जायेगी। मानव वन्यजीव संघर्ष में क्षतिपूर्ति के लिए ₹02 करोड़ का कॉरपस फण्ड बनाया जायेगा। शिवालिक एलीफेन्ट रिजर्व की पुनर्स्थापना के प्रस्ताव को भी अनुमोदित किया गया।

वन्यजीव बोर्ड की 18वीं बैठक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में एवं वन मंत्री सुबोध उनियाल की मौजूदगी में सचिवालय में हुई आयोजित हुई। बैठक में निर्णय हुआ कि प्रदेश में जिम कार्बेट ट्रेल की स्थापना होगी। जिम कार्बेट से जुड़े स्थानों को विश्व पर्यटन मानचित्र में लाने के लिए पर्यटन विभाग के सहयोग से कार्य योजना बनाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये कार्य चरणबद्ध तरीके से किए जाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजाजी टाइगर रिजर्व स्थित चौरासी कुटिया का अन्तरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार विकास किया जाएगा। यह क्षेत्र पर्यटन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि मानव वन्यजीव संघर्ष की घटना की सूचना प्राप्त होते ही संबंधितों को अनुग्रह राशि 15 दिन के अन्दर प्राप्त हो जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी को अनावश्यक कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने बुग्यालों के संरक्षण की दिशा में भी विशेष ध्यान दिये जाने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर विधायक सुश्री रेनू बिष्ट, राम सिंह कैड़ा, अनिल नौटियाल, मुख्य सचिव डॉ. एस.एस.संधु, प्रमुख सचिव आर.के सुधांशु, प्रमुख वन संरक्षक विनोद कुमार सिंघल, आदि उपस्थित थे।

Share

You may have missed

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.