June 26, 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सिरसा मोड़ पर ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क दुर्घटना के घायलों को अस्पताल पहुंच कर कुशलक्षेम जाना।

देहरादून 28 अगस्त 2022,

ऊधमसिंहनगर: सितारगंज में सिरसा मोड़ पर श्रद्धालुओं से भरी ट्रॉली पलटने से पांच लोगों की मौत हो गई। हादसे में 37 लोगों के घायल होने की खबर है। जिनका उपचार किया जा रहा है। ऊधम सिंह नगर जिले के पास हुए इस हादसे की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। आंखों के सामने अपनों के शव देख परिजन बिलख उठे। मौके पर पुलिस और जिला प्रशासन के लोग राहत और बचाव कार्य में लगे हुए हैं।शक्ति फार्म क्षेत्र के बसगर गांव निवासी करीब 45 से 50 श्रद्धालु बॉर्डर स्थित यूपी क्षेत्र में आने वाले उत्तम नगर स्थित गुरुद्वारे में मत्था टेकने जा रहे थे। बताया जा रहा है कि उत्तम नगर गुरुद्वारे में हर रविवार को गुरु ग्रंथ साहिब का पाठ और लंगर का कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। जिसमें शामिल होने के लिए श्रद्धालु निकले थे।

सिरसा चौकी, बरेली जिले के बहेड़ी थाना क्षेत्र में आती है। चौकी के समीप ट्रैक्टर ट्रॉली पहुंचने के बाद पीछे से आ रहे ट्रक ने जोर से टक्कर मार दी। जिससे ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दौरान ट्रॉली दुर्घटनाग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सितारगंज में सिरसा मोड़ पर ट्रैक्टर-ट्रॉली के सड़क दुर्घटना में कई लोगों के हताहत होने पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को श्री चरणों में स्थान देने और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।

मुख्यमंत्री श्री धामी ने मुख्यमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों को ₹2 लाख, गंभीर रूप से घायलों को ₹50000, सामान्य रूप से घायलों को ₹25000 तथा सभी घायलों के नि:शुल्क इलाज की व्यवस्था के निर्देश दिये हैं। उन्होंने इस घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश भी दिए हैं।

आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उधम सिंह नगर में हुए सड़क हादसे के घायलों का अस्पताल पहुंच कर कुशलक्षेम जाना। मुख्यमंत्री श्री धामी ने जिलाधिकारी नैनीताल और ऊधम सिंह नगर को घायलों के बेहतर उपचार हेतु निर्देशित भी किया।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.