देहरादून 02 अप्रैल 2023,
देहरादून-मसूरी हाई वे पर मसूरी से 5 किलोमीटर पहले शेरगढ़ी में उत्तराखंड परिवहन निगम की बस दुर्घटना ग्रस्त होकर गहरी खाई में गिरने से दो की दर्दनाक मौत तथा लगभग छत्तीस लोग घायल हो गए हैं। घायलों को मसूरी और देहरादून के अस्पताल में उपचार के लिए जाया गया है।
जिला प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक उत्तराखंड परिवहन निगम की बस वाहन संख्या UK07PA-4158 दुर्घटनाग्रस्त हो गई दुर्घटना में घायल हुए लोगों को सिविल चिकित्सालय मसूरी, जिला चिकित्सालय कोरोनेशन तथा दून मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। कुछ गंभीर घायलों को मैक्स चिकित्सालय में भर्ती कराया गया जिनका उपचार चल रहा है।इस दर्दनाक हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर राहत-बचाव कार्य में लगी है। मसूरी चिकित्सालय में 32 मरीजों को उपचार हेतु लाया गया था जिनको एम्बुलेंस के माध्यम दून हॉस्पिटल और मैक्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। जिनका उपचार चल रहा है। दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय में 25 घायलों का उपचार चल रहा है। मैक्स चिकित्सालय में 11 मरीजों को उचार हेतु चिकित्सालय लाया गया था, जिनमें महक पुत्री सुधाकर, मसूरी उम्र 15 वर्ष, श्रीमती सुधा पत्नी सुधाकर उम्र 40 वर्ष 12 केंप्टी मसूरी की मृत्यु हो गयी है। तथा 9 लोगों का उपचार चल रहा है। बताया जा रहा है कि बस में चालक परिचालक सहित लगभग 38 लोग सवार थे।
इस दर्दनाक हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी सोनिका ने तत्काल कार्यवाही करते हुए राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने हेतु संबंधित अधिकारी को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।साथ ही स्वयं घटनास्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू कार्यों का जायजा लिया। इसके उपरांत जिलाधिकारी ने मैक्स चिकित्सालय तथा दून मेडिकल कॉलेज/ चिकित्सालय में पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और घायलो के बेहतर उपचार हेतु संबंधित अधिकारी एवं चिकित्सकों को आवश्यक निर्देश दिए।
केबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मैक्स चिकित्सालय एवं दून अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना।
दुर्घटना की सूचना प्राप्त होते ही मसूरी पुलिस, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, जिला प्रशासन ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया , रेस्क्यू ऑपरेशन में स्थानीय निवासियों ने सहयोग दिया । रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान उप जिलाधिकारी नंदन कुमार, आइटीबीपी, पुलिस एवं एसडीआरएफ के अधिकारी सहित जिला प्रशासन के अधिकारी कार्मिक एवं जवान, स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।
प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि, देहरादून-मसूरी हाइवे पर बस के खाई में गिरने का समाचार अत्यंत दु:खद है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें। मुख्यमंत्री द्वारा सम्बंधित अधिकारियों को घायलों के बेहतर उपचार हेतु निर्देशित किया गया है ।