August 14, 2026

उत्‍तराखंड को अगले माह मिलेगा शासन का नया मुखिया

उत्तराखंड को अगले महीने नया मुख्य सचिव मिल सकता है। मौजूदा मुख्य सचिव राधा रतूड़ी का कार्यकाल 31 मार्च को समाप्त हो रहा है। उन्हें दो बार छह माह का सेवा विस्तार मिल चुका है। अब उन्हें तीसरी बार सेवा विस्तार मिलने की संभावना कम है। ऐसे में अब देखना होगा कि राज्य सरकार किस अधिकारी को नया मुख्य सचिव बनाती है।

प्रदेश की ब्यूरोक्रसी को अगले माह नया मुखिया मिल सकता है। मौजूदा मुख्य सचिव राधा रतूड़ी का दूसरा विस्तारित कार्यकाल 31 मार्च को समाप्त हो रहा है। प्रदेश सरकार उन्हें छह माह का दो बार सेवा विस्तार दे चुकी है।

अब उन्हें तीसरी बार सेवा विस्तार मिलने की संभावना बेहद कम है। साथ ही उन्होंने सूचना आयोग में मुख्य सूचना आयुक्त के पद के लिए भी आवेदन किया हुआ है। अब अगला मुख्य सचिव कौन होगा, इस पर प्रदेश सरकार को निर्णय लेना है।

प्रदेश की वर्तमान मुख्य सचिव और 1988 बैच की आइएएस अधिकारी राधा रतूड़ी का कार्यकाल गत वर्ष मार्च में समाप्त हो गया था। इसके बाद सरकार ने बजट और लोकसभा चुनाव के दृष्टिगत उन्हें छह माह का कार्य विस्तार दिया। यह कार्यकाल सितंबर में समाप्त हुआ। उस दौरान सरकार ने समान नागरिक संहिता बनाने को लेकर चल रहे कार्य को देखते हुए उन्हें छह माह का और विस्तार दिया।
अगले माह 31 मार्च को समाप्त हो रही समय सीमा
यह समय सीमा अगले माह 31 मार्च को समाप्त हो रही है। उनके बाद नया मुख्य सचिव कौन होगा इसे लेकर चर्चाएं जोरों पर है। देखा जाए तो मुख्य सचिव पद के लिए सेवा की न्यूनतम अर्हता 30 वर्ष की होती है। इस समय 1992 बैच के आइएएस अधिकारी आनंद बर्द्धन यह पात्रता पूरी कर रहे हैं।

कौन होगा नया मुखिया
वरिष्ठता क्रम में उनके बाद वर्ष 1997 बैच के आइएएस आरके सुधांशु और इसी बैच के आइएएस लालरिन लियना फैनई हैं। यद्यपि, ये दोनों ही अभी प्रमुख सचिव पद पर हैं और 30 वर्ष की न्यूनतम सेवा की अर्हता को पूरा नहीं कर रहे हैं।

यद्यपि, पूर्व में अन्य प्रदेशों में ऐसे मामले आए हैं जहां प्रभारी मुख्य सचिव भी तैनात किए गए हैं। यह सब सरकार के विवेक पर है कि वह किसे नया मुख्य सचिव बनाती है।

Share

You may have missed

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.