February 5, 2026

आदि कैलाश यात्रा के लिए 3256 इनर लाइन परमिट जारी, चारधाम यात्रियों में भी दिख रहा काफी उत्साह

पर्यटन एवं धर्मस्व मंत्री सतपाल महाराज ने कहा, आदि कैलाश यात्रा के लिए 3256 इनर लाइन परमिट जारी किए गए हैं। आदि कैलाश व ओमपर्वत की यात्रा दो मई से शुरू हो चुकी है। चारधाम यात्रा में आने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है।

महाराज ने कहा, चारधाम यात्रा व्यवस्थित व सुचारू रूप से चल रही है। देश-विदेश से श्रद्धालु चारधाम यात्रा में पहुंच रहे हैं। भारत-पाक संघर्ष विराम के बाद अब हालात सामान्य होने पर चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में काफी उत्साह है। सीजफायर के बाद यात्रियों ने चारधाम यात्रा के लिए बुकिंग करानी शुरू कर दी है। बुकिंग शुरू होने से टूर एंड ट्रेवल से जुड़े लोगों को भी राहत मिली है। प्रयागराज से हरिद्वार, ऋषिकेश व देहरादून जाने वाली ट्रेनों में भी प्रतीक्षा सूची बढ़ गई है।

.30 अप्रैल से शुरू हुई चारधाम यात्रा के लिए अब तक ऑनलाइन व ऑफलाइन के माध्यम से 29 लाख से अधिक यात्री पंजीकरण कर चुके हैं। जबकि आठ लाख श्रद्धालुओं ने चारधामों में दर्शन किए हैं। इसके अलावा जीएमवीएन के विश्राम गृहों की बुकिंग के आधार पर कहा जा सकता है कि बड़ी संख्या में श्रद्धालु अब चारधाम का रुख कर रहे हैं। फरवरी 2025 से शुरू हुई जीएमवीएन के विश्राम गृहों में कुल 12.68 लाख से अधिक की बुकिंग की जा चुकी है।

महाराज ने कहा, पांच साल के बाद कैलाश मानसरोवर यात्रा 30 जून को दिल्ली से शुरू हो रही है। यात्रा में इस वर्ष कुल 250 यात्री प्रतिभाग कर सकेंगे। अंतिम बार यह यात्रा वर्ष 2019 में संचालित हुई थी। कोरोना महामारी के कारण इस यात्रा का संचालन नहीं हो सका था। यात्रा में 50-50 यात्रियों के कुल पांच दल जाएंगे। पहला दल 10 जुलाई को लिपुलेख पास से होते हुए चीन में प्रवेश करेगा, अंतिम यात्रा दल 22 अगस्त को चीन से भारत लौटेगा।

यात्रा का संचालन कुमाऊं मंडल विकास निगम के माध्यम से किया जाएगा। इस बार यात्रा रूट टनकपुर से धारचूला होते हुए कैलाश मानसरोवर जाएगा। चौकोडी होते हुए अल्मोड़ा से वापसी करेग। यात्रियों का मेडिकल परीक्षण दिल्ली में ही किया जाएगा।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.