November 4, 2025

राष्ट्रीय जनता दल नेता दुलारचंद यादव हत्याकांड के आरोपी जनता दल यूनाइटेड के प्रत्याशी और पूर्व विधायक अनंत सिंह को बिहार पुलिस ने किया गिरफ्तार,

Bihar 02 November 2025,

राष्ट्रीय जनता दल नेता दुलारचंद यादव हत्याकांड के आरोपी मोकामा से जनता दल यूनाइटेड के प्रत्याशी और पूर्व विधायक अनंत सिंह को बिहार पुलिस ने शनिवार की देर रात गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि, पटना के सीनियर एसपी कार्तिकेय शर्मा ने भारी पुलिस बल के साथ मोकामा पहुंचकर अनंत सिंह को उनके आवास से गिरफ्तार किया। दुलारचंद की हत्या के मामले में अनंत सिंह का नाम सामने आने के बाद विपक्षी दलों के चारों ओर से हमले के कारण जनता दल यूनाइटेड कि मुश्किलें बढ़ गई थीं।

बताया जा रहा है कि गिरफ्तारी के वक्त अनंत सिंह सो रहे थे, तभी पुलिस टीम ने उन्हें जगाया और साथ चलने को कहा। गिरफ्तारी के बाद उन्हें सीधे पटना लाया गया, जहां रात 2 बजे उन्हें सीजेएम कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

अनंत सिंह की गिरफ्तारी राष्ट्रीय जनता दल नेता दुलारचंद यादव की हत्या के मामले में की गई है। पटना पुलिस के मुताबिक, हत्या की रात अनंत सिंह की मौजूदगी के साक्ष्य मिले हैं, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई। यह हत्या मोकामा इलाके में हुई थी और तब से ही पुलिस मामले की जांच में जुटी थी। अब इस हाई-प्रोफाइल केस की जांच के लिए सीआईडी की विशेष टीम गठित कर दी गई है, जो पूरे घटनाक्रम की पड़ताल करेगी। बताया जा रहा है कि मोकामा, बाढ़, घोसवरी, हथीदह और भदौर थाना क्षेत्र की पुलिस के साथ-साथ केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के लगभग 150 जवान अनंत सिंह को गिरफ्तार करने के अभियान में शामिल थे। गिरफ्तारी से कुछ घंटे पहले अनंत सिंह मोकामा विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार कर रहे थे। किस प्रकार अचानक गिरफ्तारी का उनको बिल्कुल भी अंदेशा नहीं था। देर रात को अचानक पुलिस की कार्रवाई ने सबको चौंका दिया।

राष्ट्रीय जनता दल नेता दुलारचंद यादव मर्डर केस का मामला पिछले कुछ समय से सुर्खियों में था। दुलारचंद यादव स्थानीय स्तर पर प्रभावशाली नेता माने जाते थे । उनकी हत्या के बाद से ही इलाके में तनाव का माहौल था। पुलिस ने शुरुआती जांच में कई नामों की पुष्टि की थी, जिनमें अनंत सिंह का नाम भी सामने आया था।

वहीं महागठबंधन के सीएम फेस और राघोपुर विधानसभा सीट से राजद उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने अनंत सिंह की गिरफ्तारी को लेकर बड़ा बयान दिया है। अनंत सिंह की गिरफ्तारी को लेकर तेजस्वी ने कहा कि “जिस तरह से घटना घटी, ये तो होना ही था। आज प्रधानमंत्री आ रहे हैं और आरा और रोहतास में पिता-पुत्र की हत्या हो गई। बिहार में महा जंगलराज की स्थिति है, क्या प्रधानमंत्री को ये नहीं दिखता?हमारी महागठबंधन की सरकार बनने जा रही है।

 

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.