June 24, 2026

गौचर में राज्य स्तरीय किसान दिवस, 88 हजार किसानों को 65.12 करोड़ की बीमा राशि

गौचर (चमोली) में आयोजित राज्य स्तरीय किसान दिवस किसानों के कल्याण और आर्थिक उत्थान को समर्पित रहा। इस अवसर पर केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मौसम आधारित फसल बीमा योजना के तहत 88 हजार किसानों को 65 करोड़ 12 लाख रुपये की बीमा राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की।

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ने उत्तराखंड के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने 100 करोड़ रुपये की लागत से ‘क्लीन प्लांट सेंटर’ स्थापित करने, घेरबाड़ योजना के लिए 90 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बजट देने और पीएमजीएसवाई-4 के तहत 309 बसावटों को जोड़ने के लिए 1706.94 करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाओं की स्वीकृति पत्र मुख्यमंत्री को सौंपा।

किसान दिवस में केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री ने किसानों से संवाद किया और विभागीय व महिला समूहों के स्टालों का अवलोकन किया। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को ‘किसान भूषण पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया, साथ ही रिवर्स पलायन कर कृषि में योगदान देने वाले किसानों और समूहों को भी सम्मान मिला।

केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर उत्तराखंड को फल और सब्जी उत्पादन का वैश्विक केंद्र बनाने की दिशा में कार्य कर रही हैं। वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कृषि क्षेत्र में ऐतिहासिक बदलाव हुए हैं और राज्य सरकार किसानों को ब्याज मुक्त ऋण, सब्सिडी, निःशुल्क सिंचाई और नई कृषि नीतियों के माध्यम से सशक्त बना रही है।

कार्यक्रम में कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि किसानों की समस्याओं के समाधान और जागरूकता के लिए प्रत्येक माह किसान दिवस आयोजित किया जाएगा। सचिव कृषि डॉ. एस.एन. पाण्डेय ने विभागीय योजनाओं की जानकारी दी।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.