July 12, 2026

द्रोणागिरी की ऊंची पहाड़ियां बर्फ से ढकीं, पानी जमा, बदरी-केदार में भी बिछी सफेद चादर

ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हुई बर्फबारी के बाद क्षेत्र में मौसम सुहावना बना हुआ है। नीती घाटी के सैर-सपाटे पर पहुंच रहे पर्यटक व स्थानीय लोग यहां की खूबसूरती को अपने फोन में कैद कर रहे हैं।

रविवार को स्थानीय युवाओं का एक दल द्रोणागिरी गांव पहुंचा। यहां ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पहाड़ियां बर्फ से ढकी हैं। हिमालय की पर्वत शृंखलाओं ने भी बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। बर्फबारी के बाद से द्रोणागिरी के साथ ही नीती घाटी के गांवों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है।

द्रोणागिरी गांव में पानी भी जम गया है। स्थानीय निवासी मनोज बिष्ट और आनंद शुक्ला का कहना है कि शीतकाल में यहां कोई भी स्थानीय लोग नहीं रहते हैं। गांव से दिखाई दे रही हिमालय की चोटियां बर्फ से ढक गई हैं।

केदारनाथ धाम में हुई बर्फबारी
केदारनाथ धाम सोमवार को फिर दोपहर बाद मौसम खराब हो गया और धाम में बर्फबारी हुई। एक जनवरी से धाम में लगातार बर्फ गिर रही है। इस कारण धाम का मौसम भी ठंडा हो गया है। वहीं धाम में होने वाले कार्य अब बंद हो गए हैं।

बदरीनाथ में हुई हल्की बर्फबारी
बदरीनाथ धाम में रविवार को दोपहर बाद हल्की बर्फबारी हुई। बर्फबारी होने के बाद यहां कड़ाके की ठंड पड़ रही है। अत्यधिक ठंड के कारण बदरीनाथ मास्टर प्लान के काम भी रोक दिए गए हैं। मजदूर व लोक निर्माण विभाग के अधिकारी, कर्मचारी भी ज्योतिर्मठ पहुंच गए हैं। सोमवार को धाम में सुबह धूप खिली। मगर दोपहर बाद फिर मौसम खराब हो गया। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी के आसार बने हुए हैं।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.