18वां रोजगार मेला: प्रधानमंत्री मोदी ने 61 हजार से अधिक चयनित युवाओं को सरकारी सेवाओं के लिए प्रदान किए नियुक्ति पत्र,
Delhi 24 January 2026,
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 18वें रोजगार मेले को संबोधित किया। देश भर में 45 स्थानों पर रोजगार मेला आयोजित किया गया।इस मौके पर प्रधानमंत्री ने कहा कि आज के दिन संविधान ने ‘जन गण मन’ को राष्ट्रगान और ‘वंदे मातरम’ को राष्ट्रगीत के रूप में अपनाया था। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि इस महत्वपूर्ण दिन पर 61 हजार से अधिक युवा सरकारी सेवाओं के लिए नियुक्ति पत्र प्राप्त करके अपने जीवन का एक नया अध्याय शुरू कर रहे हैं। श्री मोदी ने इन नियुक्ति पत्रों को राष्ट्र निर्माण का निमंत्रण और विकसित भारत के निर्माण में तेजी लाने का संकल्प बताया। उन्होंने कहा कि अनेक युवा राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करेंगे, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा व्यवस्था को सशक्त बनाएंगे, वित्तीय सेवाओं और ऊर्जा सुरक्षा को सुदृढ़ करेंगे और सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यमों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। प्रधानमंत्री ने सभी युवाओं को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।
देश भर में 45 स्थानों पर 18वें रोजगार मेला का आयोजन किया गया भारत के सभी हिस्सों से चयनित नव नियुक्त उम्मीदवार गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग, उच्च शिक्षा विभाग आदि सहित भारत सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में कार्यभार ग्रहण करेंगे। श्री मोदी ने इस बात पर जोर देते हुए कहा कि युवाओं को कौशल से जोड़ना और उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर प्रदान करना सरकार की प्राथमिकता रही है। उन्होंने कहा कि सरकारी भर्तियों को मिशन मोड में लाने के लिए रोजगार मेला शुरू किया गया था, जो वर्षों से एक संस्था बन चुका है। इस पहल के माध्यम से लाखों युवाओं को विभिन्न सरकारी विभागों में नियुक्ति पत्र प्राप्त हुए हैं।
प्रधानमंत्री ने जोर देते हुए कहा, भारत आज विश्व के सबसे युवा देशों में से एक है, और सरकार घरेलू और वैश्विक स्तर पर युवाओं के लिए नए अवसर पैदा करने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि भारत सरकार कई देशों के साथ व्यापार और आवागमन संबंधी समझौते कर रही है, जिससे युवा भारतीयों के लिए अनगिनत नए अवसर खुल रहे हैं। उन्होंने बताया कि हाल के समय में भारत ने आधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर में अभूतपूर्व निवेश किया है, जिससे निर्माण संबंधी क्षेत्रों में रोजगार में वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि भारत का स्टार्टअप इकोसिस्टम तेजी से विस्तार कर रहा है, जिसमें लगभग दो लाख पंजीकृत स्टार्टअप इक्कीस लाख से अधिक युवाओं को रोजगार दे रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि डिजिटल इंडिया ने एक नई अर्थव्यवस्था को जन्म दिया है और भारत एनिमेशन, डिजिटल मीडिया तथा कई अन्य क्षेत्रों में वैश्विक केंद्र के रूप में उभर रहा है। प्रधानमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि भारत की रचनात्मक अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ रही है, जिससे युवाओं को नए अवसर मिल रहे हैं।
