June 27, 2026

राजकीय शिक्षक संघ चुनाव में प्रत्यक्ष रूप से हिस्सा लेंगे शिक्षक: डॉ धन सिंह रावत

 शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने राजकीय शिक्षकों के हित में दो बड़े फैसलों का ऐलान किया है, जिससे प्रदेश के शिक्षकों को सीधा लाभ मिलेगा।

अब राजकीय शिक्षक संघ के आम चुनाव पूरी तरह लोकतांत्रिक प्रणाली से कराए जाएंगे, जिसमें सभी शिक्षक प्रत्यक्ष रूप से मतदान कर अपने प्रतिनिधि का चुनाव कर सकेंगे। लंबे समय से उठ रही इस मांग को स्वीकार करते हुए सरकार ने चुनाव प्रक्रिया में बदलाव की सहमति दे दी है। इससे चुनाव अधिक पारदर्शी होगा और हर शिक्षक की भागीदारी सुनिश्चित हो सकेगी।

इसके साथ ही सरकार ने शिक्षकों की एक और अहम मांग को मंजूरी देते हुए वर्ष में एक बार गृह जनपद जाने के लिए दो दिन का विशेष यात्रा अवकाश देने का निर्णय लिया है। यह सुविधा उन शिक्षकों के लिए खास तौर पर राहतभरी होगी, जो गढ़वाल और कुमाऊं मंडलों के बीच दूरस्थ क्षेत्रों में तैनात हैं।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि इन फैसलों से शिक्षक संघ का ढांचा मजबूत होगा और शिक्षकों को अपनी आवाज सीधे रखने का अवसर मिलेगा। साथ ही यात्रा अवकाश से शिक्षकों को निजी अवकाश पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि इन निर्णयों को जल्द लागू किया जाए, ताकि शिक्षकों को समय पर इसका लाभ मिल सके।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.