July 1, 2026

सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी से मिले गढ़वाल राइफल्स के कर्नल ऑफ द् रेजिमेंट लेफ्टिनेंट जनरल

सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी से शासकीय आवास में गढ़वाल राइफल्स के कर्नल ऑफ द रेजिमेंट लेफ्टिनेंट जनरल दिनेश सिंह राणा ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान जनरल डीएस राणा ने सेना का स्मृति चिन्ह भी भेंट किया।

बैठक के दौरान लेफ्टिनेंट जनरल डीएस राणा ने लैंसडाउन स्थित गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर में आयोजित कार्यक्रमों के लिए आभार जताया। उन्होंने आयोजित कार्यक्रम में हुई घोषणाओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने, पूर्व सैनिकों को सेवानिवृत्ति के बाद रोजगार के अधिकाधिक अवसर प्रदान करने तथा वीरता चक्र विजेताओं की सम्मान राशि को बढ़ाये जाने का आग्रह किया।

उन्होंने जनपद टिहरी के चंबा में गब्बर सिंह मेमोरियल के सुधारीकरण पर भी चर्चा की। इसके अतिरिक्त, पूर्व सैनिकों के साथ भूमि संबंधी मामलों में हो रही धोखाधड़ी को रोकने हेतु ठोस कदम उठाने की आवश्यकता पर बल दिया। बैठक में चारधाम यात्रा मार्ग पर पूर्व सैनिकों के लिए सीजनल रोजगार के अवसर सृजित करने और उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने पर भी विचार-विमर्श हुआ।

इस पर सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने सैन्यधाम में प्रत्येक 15 दिवस में आर्मी बैंड-शो आयोजित करने की व्यवस्था बनाने, सेरामोनियल ड्रैस के साथ प्रत्येक दिवस गार्ड रिट्रीट सहित 15 जनवरी को आर्मी-डे पर देहरादून में फुल रिर्हल परेड़ करवाने पर भी सेना अधिकारी से वार्ता की। उन्होंने सैन्यधाम के म्युजियम में गढ़वाल राईफल्स से सहयोग का अनुरोध किया।

इस दौरान उपनल के प्रबंध निदेशक बिग्रेडियर जेएनएस बिष्ट (सेनि), 127वीं टेरिटोरियल आर्मी के कमान अधिकारी कर्नल प्रफुल थपलियाल एवं अन्य सैन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.