मुनस्यारी में हेलिपैड हटाने की मांग तेज, संघर्ष समिति ने दी चेतावनी
जीआईसी मुनस्यारी के खेल मैदान से हैलीपैड को स्थानांतरित किए जाने की मांग फिर तेज पकड़ने लगी है। मुनस्यारी बचाओ संघर्ष समिति ने प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ईमेल से पत्र भेजकर हैलीपैड को दूसरे स्थान में स्थानांतरित करने की मांग की। समिति ने उत्तराखंड सरकार को स्थान्तण के लिए तीन माह का समय दिया गया है। उसके बाद किसी भी प्रकार के हैली के को यहां हैलीपैड में उतरने नहीं दिया जाएगा।
समिति के संयोजक तथा निर्वतमान जिला पंचायत सदस्य जगत सिंह मर्तोलिया ने बताया कि हैलीपैड का निर्माण ग्राम पंचायत पापड़ी में किया जाना था। शासन स्तर से जबरन राजकीय इंटर कॉलेज के खेल मैदान की भूमि को हैलीपैड के निमार्ण के लिए दे दिया गया।
हैलीपैड में पहले नियमित उड़ाने नहीं चलती थी, इसलिए इसके दुष्प्रभाव भी कम देखने को मिल रहा था।
उन्होंने बताया कि दो साल से नियमित उड़ाने इस हैलीपैड से संचालित हो रही है। उड़ानों के कारण राजकीय इंटर कॉलेज तथा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के विद्यार्थियों का अध्यापन कार्य पूर्ण रूप से प्रभावित हो रहा है। कहा कि उड़ान की आवाजों ने विद्यार्थियों को विचलित जैसा कर दिया है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार के सम्मुख यह सुझाव रखा है कि सरकार या तो हैलीपैड का स्थानांतरण करे या इंटर कॉलेज व डिग्री कालेज का। कहा कि दो में से एक का स्थानांतरण होना लोक हित में आवश्यक है।
मर्तोलिया ने कहा कि सरकार को चाहे कि वह इस पत्र के प्राप्त होने के तीन माह के भीतर हैलीपैड स्थानांतरण पर अपना फैसला लेकर जनता-जनार्दन को बतायेगी।
उन्होंने कहा कि सरकार ने अगर इस पर फैसला नहीं लिया तो क्षेत्रवासियों को साथ लेकर किसी भी प्रकार के उड़ान को इस हैलीपैड में नहीं उतरने देंगे।
