June 24, 2026

ऋषिकेश में LPG सिलेंडरों में गैस की कथित कमी का वीडियो वायरल, उपभोक्ताओं को सतर्क रहने की सलाह

ऋषिकेश में इन दिनों एलपीजी गैस की किल्लत के बीच एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें घर-घर सप्लाई होने वाले गैस सिलेंडरों में निर्धारित मात्रा से कम गैस होने का दावा किया जा रहा है।

वायरल वीडियो में दिखाया गया है कि एक उपभोक्ता ने अपने घर पहुंचे एलपीजी सिलेंडर को वेट मशीन पर तौलकर देखा, तो उसमें लगभग तीन किलो गैस कम पाई गई। इस पर उपभोक्ता ने सप्लाई कर्मचारी से सवाल-जवाब किए और नाराजगी जताई। वीडियो में कथित तौर पर कर्मचारी गैस निकालने (अवैध रिफिलिंग) की बात स्वीकार करता हुआ भी नजर आता है।

बताया जा रहा है कि कुछ सप्लाई वाहनों में कर्मचारियों द्वारा अवैध रूप से गैस निकालने की गतिविधियां की जा रही हैं। इस तरह के कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने का दावा किया जा रहा है, जिससे उपभोक्ताओं में चिंता बढ़ गई है।

हालांकि, वायरल हो रहे इस वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और यह स्पष्ट नहीं है कि यह वीडियो वास्तव में ऋषिकेश का ही है या किसी अन्य स्थान का।

इस तरह की घटनाओं को देखते हुए उपभोक्ताओं को सलाह दी जा रही है कि वे घर पर आने वाले गैस सिलेंडर को डिलीवरी के समय अवश्य तौल लें और किसी भी गड़बड़ी की स्थिति में तुरंत संबंधित एजेंसी या अधिकारियों को सूचित करें।

नोट: यह एक वायरल वीडियो पर आधारित खबर है, जिसकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की गई है।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.