April 26, 2026

स्व० बहुगुणा एक कुशल राजनेता ही नहीं, बल्कि जनसेवा के प्रति समर्पित एक प्रेरणादायी व्यक्तित्व थे: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी,

Dehradun 25 April 2026,

आज 25 अप्रैल, 2026 को राजनीति के वट वृक्ष, हिमालय पुत्र, स्वतन्त्रता संग्राम सेनानी, अविभाजित उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री, भारत सरकार, स्व० हेमवती नन्दन बहुगुणा जी की 107 वीं जयंती पर ‘ हेमवती नंदन बहुगुणा स्मृति समिति’ द्वारा आयोजित कार्यक्रम में उनके आदर्श और सिद्धांत का स्मरण करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज घंटाघर के निकट एमडीडीए कॉम्प्लेक्स में स्थित प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री श्री धामी ने स्व०हेमवती नंदन बहुगुणा जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में सक्रिय भूमिका निभाई और अपने दूरदर्शी नेतृत्व से देश एवं समाज को नई दिशा प्रदान की। उन्होंने कहा कि बहुगुणा जी केवल एक कुशल राजनेता ही नहीं, बल्कि जनसेवा के प्रति समर्पित एक प्रेरणादायी व्यक्तित्व थे, जिन्होंने विशेष रूप से पर्वतीय अंचलों के विकास के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि बहुगुणा जी ने पर्वतीय क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी पहल की। उनके प्रयासों से क्षेत्रीय विकास को नई गति मिली। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय बहुगुणा जी का योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा।

पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने कहा कि स्व० बहुगुणा जी का संपूर्ण जीवन जनकल्याण, सामाजिक समरसता और समावेशी विकास के मूल्यों के प्रति समर्पित रहा। उनके आदर्श और विचार आज भी समाज को प्रेरित करते हैं और हमें जनहित में कार्य करने की दिशा में मार्गदर्शन प्रदान करते हैं।

 

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, सौरभ बहुगुणा, खजान दास, गणेश जोशी, विधायक अरविंद पांडे, दुर्गेश्वर लाल, उमेश शर्मा काऊ, राज्य मंत्री अशोक वर्मा, विवेकानंद खण्डूड़ी, रविंद्र जुगरान, मयंक खण्डूड़ी, गौरव खण्डूड़ी, पार्षदगण भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी एवं अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे।

 

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.