August 8, 2026

खांड गाँव में सड़क निर्माण का लोकार्पण, आवागमन हुआ आसान

त्रिवेंद्र सिंह रावत ने ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत खांड गाँव (विस्थापित-03) में मुख्य मार्ग के सुदृढ़ीकरण कार्य का विधिवत लोकार्पण किया। यह सड़क सांसद निधि से लगभग 11.89 लाख रुपये की लागत से तैयार की गई है, जिसमें पी.सी. और इंटरलॉकिंग टाइल्स का उपयोग किया गया है। सड़क बनने से क्षेत्रवासियों को अब बेहतर और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।

लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने सांसद का ढोल-दमाऊ और बैंड-बाजों के साथ भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि जनता की मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि यह सड़क लंबे समय से क्षेत्र की आवश्यकता थी, जिसके पूर्ण होने से अब लोगों को सुरक्षित और आसान आवागमन मिल सकेगा।

उन्होंने आगे जानकारी दी कि खांड गाँव को राजस्व ग्राम घोषित करने की प्रक्रिया शासन स्तर पर अंतिम चरण में है और जल्द ही इसका लाभ स्थानीय लोगों को मिलेगा। इससे क्षेत्रवासियों को मतदान अधिकार सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं भी प्राप्त होंगी।

कार्यक्रम में अनिता ममगाईं ने क्षेत्रवासियों की ओर से सांसद का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सांसद ने हमेशा क्षेत्र की समस्याओं को गंभीरता से लेकर उनका समाधान किया है। साथ ही उन्होंने खांड गाँव-03 में अन्य संपर्क मार्गों के निर्माण के लिए भी सहयोग का अनुरोध किया।

इस मौके पर क्षेत्र के विकास को लेकर जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने आगे भी मिलकर कार्य करने का संकल्प दोहराया।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.