May 5, 2026

रुड़की में गिफ्ट सेंटर गोदाम में भीषण आग, इलाके में मची अफरा-तफरी

रुड़की के अम्बर तालाब क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब नेहरू स्टेडियम के पीछे स्थित एक गिफ्ट सेंटर के गोदाम में देर रात अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और ऊंची-ऊंची लपटें दूर तक दिखाई देने लगीं।

जानकारी के अनुसार “विन्नी गिफ्ट सेंटर” के गोदाम से पहले धुआं उठता नजर आया, जो कुछ ही मिनटों में भयानक आग में बदल गया। गोदाम में बड़ी मात्रा में रखे सजावटी और ज्वलनशील सामान के कारण आग तेजी से फैल गई और पूरा परिसर धू-धू कर जलने लगा।

आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन संकरी गलियों के कारण दमकल वाहनों को घटनास्थल तक पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालात को देखते हुए मंगलौर और भगवानपुर से अतिरिक्त दमकल गाड़ियां भी बुलाई गईं।

रिहायशी क्षेत्र में आग लगने से आसपास के मकानों पर भी खतरा मंडराने लगा, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी। राहत की बात यह रही कि इस घटना में अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन भारी आर्थिक नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

प्रशासन द्वारा मामले की जांच जारी है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.