निर्वाचन प्रक्रिया के अध्ययन हेतु उत्तराखंड का प्रतिनिधिमंडल सर्बिया पहुंचा
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत लोकतांत्रिक देशों की निर्वाचन प्रक्रियाओं के अध्ययन के लिए उत्तराखंड का पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल यूरोप के सर्बिया पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.बी.आर.सी. पुरुषोत्तम कर रहे हैं।
बुधवार को भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने नोवी साद प्रांत की विधानसभा का भ्रमण किया, जहां लोकतांत्रिक संस्थाओं के संचालन और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की गई। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने सर्बिया की निर्वाचन प्रणाली, चुनाव प्रबंधन और प्रशासनिक कार्यप्रणाली का अध्ययन भी किया।
बैठक एवं भ्रमण कार्यक्रम में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे, सर्बिया में भारत के राजदूत अभिषेक शुक्ला तथा टिहरी की जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर नोवी साद प्रांत विधानसभा की चेयरमैन दीना वुचिनिच ने भारतीय प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए भारत और सर्बिया के बीच लोकतांत्रिक मूल्यों एवं निर्वाचन प्रक्रियाओं में सहयोग को महत्वपूर्ण बताया।
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने कहा कि इस अध्ययन भ्रमण से दोनों देशों की निर्वाचन प्रणाली, मतदाता जागरूकता और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को बेहतर ढंग से समझने का अवसर मिला है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे भविष्य में दोनों देशों के बीच सहयोग और मजबूत होगा।
भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने सर्बिया की प्रांतीय निर्वाचन आयोग के साथ भी महत्वपूर्ण बैठक की, जिसमें निर्वाचन प्रबंधन से जुड़े श्रेष्ठ अनुभवों के आदान-प्रदान पर चर्चा की गई। प्रतिनिधिमंडल में ईआरओ काशीपुर गौरव पांडे और बीएलओ मोहम्मद कलीम भी शामिल हैं।
