July 10, 2026

हरिद्वार: गंगा दशहरा पर आस्था का महासैलाब, एसएसपी नवनीत भुल्लर ने खुद संभाली सुरक्षा व्यवस्था की कमान

धर्मनगरी हरिद्वार में गंगा दशहरा पर्व पर आस्था का विशाल जनसैलाब उमड़ पड़ा। हर की पौड़ी समेत तमाम प्रमुख गंगा घाट श्रद्धालुओं से पूरी तरह भर गए और “हर-हर गंगे” के जयघोष से पूरा शहर गूंज उठा। लाखों श्रद्धालु मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए हरिद्वार पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आया।हर की पौड़ी, मनसा देवी, चंडी देवी और हाईवे क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस फोर्स तैनात की गई है। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के जरिए पूरे मेले पर पैनी नजर रखी जा रही है, जबकि सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी भीड़ के बीच तैनात किए गए हैं ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

हरिद्वार एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने खुद मोर्चा संभालते हुए पुलिस अधिकारियों के साथ हर की पौड़ी और मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया। एसएसपी ने बताया कि रविवार को करीब 27 लाख श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान किया, जबकि सोमवार तड़के ढाई बजे से अब तक करीब 16 लाख श्रद्धालु गंगा में डुबकी लगा चुके हैं। लगातार बढ़ती भीड़ को देखते हुए पूरे मेला क्षेत्र को 2 सुपर जोन, 11 जोन और 27 सेक्टर में बांटा गया है।भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को संभालने के लिए विशेष रूट डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। जल पुलिस, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड, फायर यूनिट और घुड़सवार पुलिस की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं। प्रशासन का दावा है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को लेकर हर स्तर पर निगरानी रखी जा रही है ताकि स्नान पर्व सकुशल संपन्न कराया जा सके।

नवनीत सिंह भुल्लर, एसएसपी हरिद्वार

Share

You may have missed

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.