May 25, 2026

पौड़ी: गुलदार का खूनी आतंक, महिला पर जानलेवा हमला

पौड़ी जनपद में गुलदार का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, लेकिन वन विभाग अब भी सिर्फ खानापूर्ति में जुटा दिखाई दे रहा है। हैरानी की बात यह है कि अब गुलदार ने उत्तराखंड के वन मंत्री सुबोध उनियाल के पैतृक गांव औणी में ही एक महिला पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना रविवार शाम करीब 7 बजे की बताई जा रही है। गांव निवासी विनीता देवी (45) पत्नी किशोर कुमार पड़ोस के घर से दूध लेकर वापस अपने घर लौट रही थीं। तभी गांव के समीप गदेरे में घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक उन पर हमला बोल दिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके की ओर दौड़े और शोर मचाया, जिसके बाद गुलदार जंगल की ओर भाग गया।

पूर्व ग्राम प्रधान गीता देवी ने बताया कि यदि ग्रामीण समय रहते मौके पर नहीं पहुंचते तो बड़ा हादसा हो सकता था। घायल महिला को तत्काल मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों में घटना के बाद भारी दहशत और आक्रोश है। लोगों का कहना है कि लगातार बढ़ रहे गुलदार के हमलों के बावजूद वन विभाग ठोस कार्रवाई करने में नाकाम साबित हो रहा है। अब जब वन मंत्री के गांव तक गुलदार पहुंच गया है, तब सवाल उठने लगे हैं कि आखिर आम जनता की सुरक्षा भगवान भरोसे क्यों छोड़ी गई है?
गढ़वाल वन प्रभाग के डीएफओ महातिम यादव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि वन विभाग की टीम मौके पर तैनात कर दी गई है। साथ ही मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक से वार्ता कर गुलदार को आदमखोर घोषित किए जाने का अनुरोध किया गया है।

 महातिम यादव DFO गढ़वाल वन प्रभाग

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.