टिहरी में राजस्व कार्यों की समीक्षा, आयुक्त रंजना राजगुरु ने दिए आवश्यक निर्देश
आयुक्त एवं सचिव, राजस्व परिषद / सचिव, आयुष एवं आयुष शिक्षा रंजना राजगुरु की अध्यक्षता में जनपद टिहरी गढ़वाल के कलेक्ट्रेट सभागार में राजस्व कार्यकलापों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली, न्यायालयों में लंबित वादों, ई-ऑफिस संचालन, फार्मर रजिस्ट्री और विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान आयुक्त रंजना राजगुरु ने तहसीलदारों के नियमित प्रशिक्षण पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने एमएमआर कार्यों के लिए जरूरी उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति बढ़ाने तथा ई-ऑफिस प्रणाली को पूरी तरह ऑनलाइन संचालित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
उन्होंने राजस्व न्यायालयों में लंबित वादों की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि टिहरी जनपद में कोर्ट केसों का व्यवस्थित एवं प्रभावी निस्तारण किया जा रहा है, जो सराहनीय है। उन्होंने राजस्व मामलों के समयबद्ध समाधान पर भी बल दिया।
बैठक में नितिका खण्डेलवाल ने जनपद के विभिन्न विभागों में रिक्त पदों की स्थिति की जानकारी प्रस्तुत की। साथ ही उन्होंने तहसीलवार कुल राजस्व वादों, उनके निस्तारण एवं प्रगति से संबंधित विस्तृत विवरण आयुक्त के समक्ष रखा।
समीक्षा बैठक में राजस्व न्यायालयों के कार्यकलाप, राजस्व वसूली, तहसीलों के आवासीय एवं अनावासीय निर्माणाधीन भवनों की स्थिति, राजस्व उपनिरीक्षक एवं राजस्व निरीक्षक चौकियों के निर्माण कार्यों, नक्शा प्रोजेक्ट, अंश निर्धारण की कार्ययोजना तथा मुख्यमंत्री घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
इसके अलावा एग्रीस्टेक परियोजना, ई-ऑफिस संचालन, रिकॉर्ड रूम प्रबंधन, वीडिंग कार्य तथा अन्य प्रशासनिक गतिविधियों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। आयुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्यों को पूरा करने और राजस्व सेवाओं को अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की तथा विभागीय कार्यों में तेजी लाने के लिए आवश्यक सुझाव भी साझा किए।
