July 16, 2026

तुंगनाथ-चंद्रशिला में आकाशीय बिजली का कहर, युवक की मौत

रुद्रप्रयाग के तुंगनाथ-चंद्रशिला क्षेत्र में खराब मौसम के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) ने दुर्गम परिस्थितियों में रात्रिकालीन रेस्क्यू अभियान चलाकर मृतक के शव को सुरक्षित नीचे पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार 29 मई 2026 को राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) देहरादून से सूचना प्राप्त हुई कि तुंगनाथ क्षेत्र में एक पर्यटक समूह आंधी, तूफान और वर्षा के बीच फंस गया है तथा आकाशीय बिजली गिरने से कुछ लोग प्रभावित हुए हैं। सूचना मिलते ही निरीक्षक अनिरुद्ध भंडारी के निर्देशन में SDRF पोस्ट रतूड़ा से उपनिरीक्षक संतोष परिहार के नेतृत्व में टीम आवश्यक उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

प्रारंभिक राहत कार्य के दौरान अन्य एजेंसियों द्वारा गंभीर रूप से घायल युवक को 108 एम्बुलेंस की सहायता से अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं दो अन्य युवक सुरक्षित पाए गए। घटना में 19 वर्षीय अभिनव वाजपेई पुत्र संजीत कुमार निवासी लखनऊ की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौके पर ही मृत्यु हो गई।

खराब मौसम, दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और लगभग 8 से 10 किलोमीटर लंबे कठिन पैदल मार्ग के बावजूद SDRF टीम ने रात के समय अभियान जारी रखा। टीम ने चोपता से चंद्रशिला के लिए पैदल रेस्क्यू शुरू किया और रात्रि लगभग 11 बजे घटनास्थल तक पहुंचकर मृतक के शव को अपने कब्जे में लिया।

इसके बाद SDRF जवानों ने कठिन परिस्थितियों में शव को पैदल मार्ग से नीचे लाकर चोपता पहुंचाया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद शव को जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

घटना में घायल अभिषेक बाजपेई (23 वर्ष), निवासी लखनऊ का उपचार जारी है, जबकि शुभम शुक्ला (25 वर्ष), निवासी उन्नाव और आजन मिश्रा (24 वर्ष), निवासी लखनऊ सुरक्षित हैं।

इस दुखद घटना ने एक बार फिर पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम की अचानक बदलती परिस्थितियों और ऊंचाई वाले इलाकों में सतर्कता बरतने की आवश्यकता को रेखांकित किया है। SDRF की त्वरित कार्रवाई और साहसिक रेस्क्यू अभियान की स्थानीय लोगों एवं प्रशासन ने सराहना की है।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.