July 16, 2026

कांवड़ और कुंभ मेले की तैयारियां तेज, महिला सुरक्षा और यातायात प्रबंधन पर विशेष जोर

आगामी कांवड़ यात्रा और कुंभ मेले को देखते हुए पुलिस विभाग ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को राजीव स्वरूप ने इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर यातायात प्रबंधन, महिला सुरक्षा और श्रमिक सत्यापन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

बैठक में आईजी गढ़वाल ने परिक्षेत्र के सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुलिस प्रशासन और स्थानीय औद्योगिक इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए, ताकि कांवड़ और कुंभ मेले के दौरान कानून-व्यवस्था सुचारु बनी रहे तथा आम नागरिकों और मालवाहक वाहनों के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

उन्होंने औद्योगिक क्षेत्रों में कार्यरत महिला कर्मचारियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कहा कि महिला सुरक्षा से संबंधित सभी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। विशेष रूप से रात्रि पाली (नाइट शिफ्ट) में कार्य करने वाली महिलाओं के लिए सुरक्षित परिवहन, कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

आईजी ने श्रमिक सत्यापन अभियान को भी प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। साथ ही यातायात प्रबंधन और सुरक्षा संबंधी सभी दिशानिर्देशों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि संबंधित थाना पुलिस समय-समय पर औद्योगिक क्षेत्रों में जागरूकता शिविर आयोजित करे। इन शिविरों के माध्यम से महिला कर्मचारियों को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी जाए, ताकि वे सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण में कार्य कर सकें।

पुलिस अधिकारियों ने विश्वास जताया कि प्रशासन, पुलिस और औद्योगिक संस्थानों के संयुक्त प्रयासों से आगामी कांवड़ यात्रा और कुंभ मेले के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सकेगा।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.