July 16, 2026

चमोली- लोहाजंग मार्ग पर दर्दनाक हादसा, खाई में गिरी कार; तीन की मौत, तीन घायल

जनपद चमोली के लोहाजंग क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना ग्राम ल्वाणी के जंगल क्षेत्र में उस समय हुई जब एक ईको वैन अनियंत्रित होकर लगभग 400 से 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बाँक, लोहाजंग निवासी स्वर्गीय भजन सिंह का देहरादून में उपचार के दौरान निधन हो गया था। उनके पार्थिव शरीर को निजी एम्बुलेंस से गांव लाया जा रहा था। वहीं उनके परिजन अलग वाहन संख्या UK07D-2979 (ईको वैन) से अंतिम संस्कार के लिए देहरादून से गांव लौट रहे थे। वाहन में कुल छह लोग सवार थे।

प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण चालक को नींद की झपकी आना बताया जा रहा है, जिसके चलते वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।

हादसे में बलबीर सिंह (52 वर्ष), उनकी पत्नी शांति देवी (48 वर्ष) तथा आंशु बिष्ट (18 वर्ष) की मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं कविता देवी (32 वर्ष), मयंक सिंह (8 वर्ष) और रोशनी (18 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद एम्बुलेंस से अस्पताल भेजा गया है।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, DDRF और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को खाई से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया तथा मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

इस हृदयविदारक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पर्वतीय मार्गों पर सुरक्षा उपायों को और मजबूत करने की मांग की है।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.