Recent Posts

September 21, 2026

पिंडारी ग्लेशियर ट्रैक पर लापता ट्रैकर की तलाश जारी, SDRF को मिला कैमरा

पिंडारी ग्लेशियर ट्रैक पर लापता हुए नोएडा निवासी ट्रैकर की तलाश में SDRF और स्थानीय पुलिस का संयुक्त सर्च अभियान लगातार जारी है। हालांकि क्षेत्र में लगातार हो रही भारी वर्षा और खराब मौसम के चलते अभियान को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा है।

जानकारी के अनुसार, 29 मई 2026 की रात थाना कपकोट को सूचना मिली कि नोएडा, उत्तर प्रदेश निवासी विशेष चौहान अपने स्थानीय पोर्टर के साथ पिंडारी ग्लेशियर ट्रैक पर गए थे। वापसी के दौरान वह अपने पोर्टर से बिछड़ गए और निर्धारित समय पर वापस नहीं लौट सके। इसके बाद उनकी खोजबीन के लिए SDRF की सहायता मांगी गई।

सूचना मिलते ही SDRF पोस्ट कपकोट से मुख्य आरक्षी टीका सिंह कार्की के नेतृत्व में टीम स्थानीय पुलिस के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई। सर्च अभियान के दौरान टीम गाइड द्वारा बताए गए संभावित स्थान तक पहुंची और लगभग 60 से 70 मीटर नीचे उतरकर रोप तकनीक की सहायता से गहन खोजबीन की।

तलाशी के दौरान SDRF टीम को लापता ट्रैकर का कैमरा बरामद हुआ। इसके बाद पिंडर नदी के किनारे और आसपास के क्षेत्रों में खोज अभियान को और व्यापक रूप से चलाया गया। हालांकि लगातार बारिश और दुर्गम परिस्थितियों के कारण अभियान को सुरक्षित रूप से आगे बढ़ाना संभव नहीं हो पाया।

अधिकारियों के अनुसार मौसम अनुकूल होते ही SDRF टीम पुनः सर्च अभियान शुरू करेगी। लापता ट्रैकर की तलाश के लिए SDRF और स्थानीय पुलिस द्वारा समन्वित प्रयास लगातार जारी हैं।

Share

You may have missed

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.