June 3, 2026

राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज, भाजपा ने साधा निशाना

Politics

आगामी 4 और 5 जून को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष Rahul Gandhi दो दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड पहुंच रहे हैं। चुनावी वर्ष में होने जा रहे इस दौरे को कांग्रेस बेहद महत्वपूर्ण मान रही है। वहीं भारतीय जनता पार्टी ने राहुल गांधी के दौरे और प्रदेश कांग्रेस की स्थिति को लेकर तीखा हमला बोला है।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता Mathura Dutt Joshi ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले छह वर्षों में कांग्रेस अपना संगठन तक खड़ा नहीं कर पाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2020 के बाद पार्टी में चार प्रदेश अध्यक्ष और चार प्रभारी बदल चुके हैं, लेकिन आज तक कार्यकारिणी का गठन नहीं हो पाया है। जोशी ने कहा कि जिस पार्टी में अध्यक्ष बदलने के लिए षड्यंत्र और 25 लाख रुपये की रिश्वत जैसे आरोप लगते हों, वहां राहुल गांधी भी कोई बड़ा बदलाव नहीं ला सकते।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस में नेतृत्व को लेकर लगातार खींचतान बनी हुई है और कोई भी किसी को नेता मानने को तैयार नहीं है। भाजपा प्रवक्ता ने तंज कसते हुए कहा कि कभी कांग्रेस में चतुर्भुज नेतृत्व की बात होती है तो कभी पंचमुखी रुद्राक्ष की, लेकिन पार्टी पूरी तरह बिखरी हुई नजर आती है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस की प्रभारी चार वर्षों से प्रदेश की जिम्मेदारी संभाल रही हैं, लेकिन नगर निकाय और जिला पंचायत चुनावों में उनकी कोई सक्रिय भूमिका दिखाई नहीं दी।

मथुरा दत्त जोशी ने कहा कि छत्तीसगढ़ और हरियाणा जैसे राज्यों में कांग्रेस अपनी स्थिति मजबूत नहीं कर पाई, ऐसे में उत्तराखंड में पार्टी की नैया पार लगाना आसान नहीं होगा। उन्होंने दावा किया कि बिना मजबूत संगठन के कोई भी नेता सफल नहीं हो सकता और राहुल गांधी केवल पर्यटक की तरह उत्तराखंड आकर वापस चले जाएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की हार तय है, चाहे पार्टी सोनिया गांधी को भी प्रचार के लिए बुला ले।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता Mathura Dutt Joshi 

वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष Ganesh Godiyal ने राहुल गांधी के दौरे का कार्यक्रम जारी करते हुए बताया कि 4 जून को राहुल गांधी अल्मोड़ा में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह पौड़ी में आयोजित पूर्व सैनिक संवाद कार्यक्रम में शामिल होकर पूर्व सैनिकों से बातचीत करेंगे।

गोदियाल ने बताया कि 5 जून की सुबह राहुल गांधी देहरादून में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और प्रदेशभर से आए पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे तथा उन्हें संबोधित भी करेंगे। उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा, पौड़ी और देहरादून में कार्यक्रमों की तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं और सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

कांग्रेस का मानना है कि चुनावी वर्ष में राहुल गांधी का यह दौरा संगठन को मजबूती देने के साथ-साथ आगामी चुनावों की रणनीति तय करने में अहम भूमिका निभाएगा। वहीं भाजपा इस दौरे को लेकर लगातार हमलावर रुख अपनाए हुए है। ऐसे में राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा प्रदेश की राजनीति में नई बहस और सियासी गर्मी बढ़ाने वाला माना जा रहा है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष Ganesh Godiyal 

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.