June 3, 2026

देहरादून में जनता दरबार का बदला स्वरूप, अब हर सोमवार होगा ‘समाधान दिवस’

DM

देहरादून के जिलाधिकारी Dr. Ashish Chauhan ने जन समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के उद्देश्य से प्रत्येक सोमवार को आयोजित होने वाले जनता दरबार को अब ‘समाधान दिवस’ के रूप में संचालित करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि सभी शिकायतों को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज किया जाएगा, जिससे उनकी नियमित मॉनिटरिंग और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।

ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित समाधान दिवस के दौरान कुल 132 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें सबसे अधिक मामले भूमि विवादों से संबंधित रहे। जिलाधिकारी ने भूमि संबंधी शिकायतों के शीघ्र समाधान के लिए जनपद स्तर पर एक हाई-लेवल विशेष सेल गठित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

बैठक के दौरान डीएम ने स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए। उन्होंने दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं की विशेष निगरानी सुनिश्चित करने, हाई रिस्क प्रेग्नेंसी के मामलों में समय रहते अस्पताल में भर्ती कराने तथा अस्पतालों में मरीजों की सुविधा के लिए टोकन व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए।

समाधान दिवस में बुजुर्गों, पूर्व सैनिकों, किसानों तथा आर्थिक सहायता की मांग करने वाले लोगों की शिकायतों को भी गंभीरता से सुना गया। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी मामलों में तत्काल कार्रवाई करने और निर्धारित समय सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डॉ. आशीष चौहान ने स्पष्ट कहा कि जन समस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने और शिकायतों के समाधान की नियमित समीक्षा करने को कहा।

जिलाधिकारी की इस पहल को प्रशासन और आम जनता के बीच बेहतर संवाद तथा शिकायतों के प्रभावी निस्तारण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

डॉ. आशीष चौहान, जिलाधिकारी देहरादून 

 

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.