रामनगर की आस्था अग्रवाल बनीं सहायक आयुक्त राज्य कर, क्षेत्र में खुशी की लहर
रामनगर की होनहार बेटी आस्था अग्रवाल ने सिविल सेवा परीक्षा में सफलता प्राप्त कर सहायक आयुक्त राज्य कर (Assistant Commissioner State Tax) पद पर चयनित होकर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, समाज और नगरवासियों में खुशी का माहौल है। चयन की सूचना मिलते ही अग्रवाल समाज सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोग उनके आवास पहुंचे और फूल-मालाएं पहनाकर शुभकामनाएं दीं।
स्टेट बैंक के समीप स्थित उनके आवास पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। लोगों ने आस्था की सफलता को रामनगर के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। नगरवासियों का कहना है कि मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है और आस्था इसकी जीवंत मिसाल हैं।
मीडिया से बातचीत में आस्था अग्रवाल ने अपनी सफलता का श्रेय भगवान, माता-पिता और पूरे परिवार को दिया। उन्होंने बताया कि उनकी प्रारंभिक शिक्षा गुरु नानक पब्लिक स्कूल, रामनगर से हुई। इसके बाद उन्होंने एमपी इंटर कॉलेज से शिक्षा प्राप्त की तथा स्नातक और स्नातकोत्तर की पढ़ाई दिल्ली विश्वविद्यालय से पूरी की।
आस्था ने बताया कि यह सिविल सेवा परीक्षा में उनका दूसरा प्रयास था। उन्होंने मेन्स और इंटरव्यू दोनों चरण पहली बार में ही सफलतापूर्वक पार किए। उन्होंने कहा कि तैयारी के दौरान परिवार का सहयोग और विश्वास उनकी सबसे बड़ी ताकत रहा।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को संदेश देते हुए आस्था ने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। उन्होंने बताया कि शुरुआत में वह प्रतिदिन छह से आठ घंटे तक अध्ययन करती थीं, जबकि परीक्षा के महत्वपूर्ण चरणों में समय की कोई सीमा नहीं रहती। उस समय केवल लक्ष्य, अनुशासन और बेहतर तैयारी पर ध्यान केंद्रित करना होता है।
उन्होंने युवाओं से चुनौतियों का डटकर सामना करने और कभी हार न मानने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि तैयारी के दौरान मानसिक संतुलन बनाए रखना भी बेहद जरूरी है। परिवार, मित्रों और शुभचिंतकों के संपर्क में रहकर तनाव को कम किया जा सकता है, जिससे लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ने में मदद मिलती है।
आस्था के पिता एवं व्यवसायी विजय अग्रवाल ने बेटी की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें अपनी बेटी पर गर्व है। उन्होंने कहा कि आस्था की उपलब्धि पूरे परिवार के लिए गौरव का क्षण है।
आस्था अग्रवाल,
चयनित छात्रा
